चौपहिया वाहन एवं बाईक में हुई भिड़त, बाईक चालक घायल

0

प्राथमिक उपचार कर घायल को बेहतर उपचार के लिए किया गया जिला चिकित्सालय रिफर

पद्मेश न्यूज। लालबर्रा। लालबर्रा-सिवनी हाईवे मार्ग पर मजार के आगे पुराना बिजली कार्यालय के समीप शुक्रवार को दोपहर करीब १ बजे एक चौपहिया वाहन (कार) और बाइक के बीच जबरदस्त भिड़ंत हो गई। इस सडक़ हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला चिकित्सालय रिफर कर दिया गया है। वहीं गनीमत यह रही कि कार में सवार लोग बाल-बाल बच गये।

पांडेवाड़ा निवासी है घायल युवक

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पांडेवाड़ा निवासी २५ वर्षीय करण राउत शुक्रवार दोपहर करीब १ बरघाट (सिवनी) से लालबर्रा की ओर आ रहा था। इसी दौरान बघोली निवासी एक कार चालक लालबर्रा से मेहमानों को लेकर अपने गांव की ओर जा रहा था। जब दोनों वाहन सिवनी मार्ग पर स्थित मजार के आगे पुराना बिजली कार्यालय के पास पहुंचे, तो बाइक चालक की तेज रफ्तार और वाहन अनियंत्रित होने के कारण वह गलत दिशा (रॉन्ग साइड) में चले गया और सामने से आ रही कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दूर जा गिरा, जिससे उसके हाथ, पैर, सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में अंदरूनी गंभीर चोटें आई हैं। हादसे में बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है, वहीं कार का अगला हिस्सा भी बुरी तरह से टूट गया है। घटना के बाद मौके पर राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई। जिसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गई और घायल करण राउत को लालबर्रा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार कर उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जिला चिकित्सालय रिफर कर दिया गया।

संकरी और खराब सडक़ बनी हादसों का कारण

प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय नागरिकों के अनुसार यदि कार की गति तेज होती तो एक बड़ा और भीषण हादसा हो सकता था। इस दुर्घटना का एक मुख्य कारण सडक़ की खराब स्थिति और उसकी कम चौड़ाई को भी माना जा रहा है। सडक़ संकरी होने के कारण दोनों तरफ से बड़े वाहनों के गुजरने पर जगह कम बचती है, जिससे ओवरटेक करने के दौरान अक्सर ऐसी खतरनाक स्थितियां निर्मित हो जाती हैं। वहीं सडक़ के खस्ताहाल के कारण बालाघाट-सिवनी हाईवे मार्ग पर आये दिन दुर्घटना घटित हो रही है और सडक़ की सबसे दयनीय स्थित लालबर्रा से लेकर कंजई के बीच में बनी हुई है। यानि की १० से १२ किमी. की दुरी तक सडक़ में अनगिनत जानलेवा गड्डे बने हुए है जो दुर से दिखाई नही देते है, जिस कारण से भी आये दिन छोटी-बड़ी दुर्घटना घटित हो रही है, लेकिन जिम्मेदारों के द्वारा सडक़ में बने गड्डों का मरम्मत कार्य करवाने की सुध नही ली जा रही है, जिससे राहगीरों एवं स्थानीयजनों में प्रशासन के प्रति रोष व्याप्त है। वहीं बालाघाट से सिवनी मार्ग का फोरलेन निर्माण की स्वीकृति मिल चुकी है लेकिन निर्माण कार्य शुरू होने में विलंब है। जबकि वर्तमान में सडक़ बदहाल स्थिति में पहुंच चुकी है इसलिए राहगीरों एवं ग्रामीणजनों ने प्रशासन से सडक़ निर्माण जब शुरू करना है करें, लेकिन वर्तमान में सडक़ में बने गड्डों का जल्द मरम्मत कार्य करवाने की मांग की है ताकि आवागमन में हो रही परेशानियों से राहत मिल सके। वहीं पुलिस ने इस सडक़ दुर्घटना के संबंध में जांच शुरू कर दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here