जैन मंदिर के आगे सडक़ किनारे मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, नगर में फैली सनसनी

0

अज्ञात शव की शिनाख्त में जूटा पुलिस प्रशासन

पद्मेश न्यूज। वारासिवनी। नगर के वार्ड नंबर १४ में जैन मंदिर के आगे बीड़ी कारखाने के पास गुरुवार की सुबह सडक़ किनारे एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले नागरिकों ने व्यक्ति को बेसुध अवस्था में पड़ा देखा। पास जाकर जांच करने पर उसकी मौत होने की जानकारी सामने आई। इसके बाद क्षेत्र में लोगों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की तथा मृतक की पहचान के प्रयास शुरू कर दिए हैं।

मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने देखा शव

प्राप्त जानकारी के अनुसार वार्ड नंबर १४ के नागरिक प्रतिदिन की तरह गुरुवार की सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। इसी दौरान जैन मंदिर के आगे बीड़ी कारखाने के पास सडक़ किनारे एक व्यक्ति बेसुध अवस्था में पड़ा दिखाई दिया। शुरुआत में लोगों ने उसे अस्वस्थ समझा लेकिन पास जाकर देखने पर उसके मृत होने की जानकारी मिली। देखते ही देखते यह खबर पूरे मोहल्ले में फैल गई और घटना स्थल पर लोगों का जमावड़ा लग गया। स्थानीय नागरिकों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर सहायक उपनिरीक्षक धनेश वल्के पुलिस आरक्षक के साथ घटना स्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही की और शव को बरामद कर सिविल अस्पताल वारासिवनी पहुंचाया। यहां पंचनामा कार्यवाही के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया। इसके पश्चात शव को पहचान एवं आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने तक अस्पताल के शव विच्छेदन गृह में सुरक्षित रखवाया गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया जा रहा है। वह नगर में भीख मांगकर जीवनयापन करता था और कबाड़ बीनने का काम भी करता था। हालांकि उसकी मृत्यु किन परिस्थितियों में हुई यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। फि लहाल मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है, पुलिस प्रशासन द्वारा उसकी पहचान स्थापित करने के प्रयास किए जा रहे हैं ताकि उसके परिजनों का पता लगाया जा सके और आगे की आवश्यक कार्यवाही की जा सके।

मृतक मानसिक रूप से अस्वस्थ, भीख मांगने और कबाड्डी चुनने का काम करता था- धनेश वल्के

सहायक उपनिरीक्षक धनेश वल्के ने बताया की सूचना मिली थी कि रोड़ किनारे कोई व्यक्ति मृत अवस्था में पड़ा हुआ है। मौके पर आकर देख तो एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ था इसके संबंध में जानकारी ली गई तो बताया कि पिछले करीब ६ महीने से यह नगर में घूम रहा है। मानसिक रूप से अस्वस्थ है भीख मांगने के साथ कबाड्डी चुनने का भी काम करता है। हालांकि इसकी अभी कोई पहचान नहीं हो पाई है जिसके लिए प्रयास किया जा रहे हैं। शव को बरामद कर आवश्यक कार्यवाही कर पोस्टमार्टम की कार्यवाही की जा रही है। शिनाख्त पंचनामा भी तैयार कर लिया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here