लंदन: प्रसिद्ध ब्रिटिश अर्थशास्त्री लॉर्ड जिम ओ’नील ने कहा है कि अगर भारत और चीन हाथ मिला लेते हैं तो अमेरिका की धमकियों की हवा निकल जाएगी। ब्रिक्स (BRICS) का विचार देने वाले अर्थशास्त्री जिम ओ’नील ने एक इंटरव्यू में कहा है ‘अगर भारत और चीन सचमुच एक-दूसरे के साथ मुक्त व्यापार शुरू कर सकें तो डोनाल्ड ट्रंप टैरिफ के बारे में क्या कहते हैं इसकी किसी को कोई परवाह नहीं होगी।’
लॉर्ड जिम ओ’नील का ये बयान उस वक्त आया है जब अमेरिका रूस से कच्चा तेल खरीदने वाले देशों के खिलाफ 100 फीसदी टैरिफ लगाने की तैयारी कर रहा है। अमेरिकी सीनेट में एक बिल पास किया गया है जिसमें रूसी तेल खरीदने वाले देशों पर 100 फीसदी टैरिफ लगाने का प्रावधान है। हालांकि अभी इस बिल को अमेरिकी हाउस ऑफ रिप्रजेंटेटिव्स से पास होना बाकी है।
ब्रिटिश अर्थशास्त्री ने ट्रंप प्रशासन को दी चेतावनी
जिम ओ’नील ने कहा है कि ‘अगर भारत और चीन वास्तव में एक-दूसरे के साथ मुक्त व्यापार यानि फ्री ट्रेड स्थापित कर लें तो अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप टैरिफ के बारे में जो कुछ भी कहते हैं उसकी परवाह दुनिया में कोई नहीं करेगा।’ उनके मुताबिक भारत और चीन दुनिया की दो ऐसी सबसे महत्वपूर्ण जगहें हैं जो मिलकर डोनाल्ड ट्रंप और उनके टैरिफ के डर को पूरी तरह से अप्रासंगिक बना सकती हैं।
आपको बता दें कि ट्रंप के टैरिफ संबंधित फैसलों की वजह से दुनिया भर के शेयर बाजारों और वैश्विक वित्तीय प्रणालियों में अस्थिरता का माहौल है। अर्थशास्त्रियों का मानना है कि इससे अमेरिकी उपभोक्ताओं के लिए चीजें महंगी होंगी और वैश्विक व्यापार को झटका लगेगा। आपको बता दें कि भारत और चीन दुनिया के दो सबसे बड़े आबादी वाले देश और सबसे तेजी से बढ़ते बाजार हैं। अगर ये दोनों आपस में बिना किसी टैक्स या बाधा के व्यापार शुरू कर दें तो इनका आंतरिक बाजार इतना बड़ा हो जाएगा कि इन्हें अमेरिका या पश्चिमी देशों के बाजारों पर निर्भर रहने की जरूरत ही नहीं पड़ेगी।









































