कांतारा चैप्टर 1′ की एक्ट्रेस रुक्मिणी वसंत डीपफेक का शिकार बनी हैं। शुक्रवार शाम से ही ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर उनका एक स्विमिंग पूल वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह हरे रंग की बिकिनी में नजर आ रही हैं। दावा किया जा रहा था कि यह किसी शूटिंग का हिस्सा है। लेकिन अब 29 साल की एक्ट्रेस ने इन वायरल AI-जेनरेटेड बिकिनी तस्वीरों और वीडियोज पर गुस्सा जाहिर करते हुए इसकी कड़ी आलोचना की है। यही नहीं, एक बयान जारी करते हुए ‘टॉक्सिक’ की एक्ट्रेस ने कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी है।
बेंगलुरु में पैदा हुईं रुक्मिणी वसंत ने दो टूक शब्दों में सोशल मीडिया यूजर्स को चेतावनी दी है। उनकी ओर से Deepfake की पुष्टि के बाद इस वीडियोज को हटाने का काम भी शुरू हो गया है। वायरल फोटोज और वीडियो में रुक्मिणी वसंत जैसी एक महिला को हरे रंग की बिकिनी पहनकर स्विमिंग पूल में उतरते हुए दिखाया गया था। यह एक प्रोफेशनल फोटोशूट जैसा लग रहा था।रुक्मिणी वसंत ने Deepfake पर जारी किया बयान
रुक्मिणी वसंत ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी और X पर बयान जारी किया है। इसमें उन्होंने बताया है कि जो कंटेंट सर्कुलेट हो रहा है, उसका उनसे कोई लेना-देना नहीं है। एक्ट्रेस ने लिखा, ‘मेरी टीम और मुझे कुछ AI से बनी तस्वीरें ऑनलाइन शेयर होती दिखी हैं, जिनमें दावा किया जा रहा है कि वे मेरी हैं। मैं साफ-साफ कहना चाहता हूं कि ये तस्वीरें पूरी तरह से नकली और मनगढ़ंत हैं। इस तरह के बदले हुए कंटेंट को बनाना और शेयर करना बहुत गैर-जिम्मेदाराना है और प्राइवेसी का गंभीर उल्लंघन है।’










































