तमिलनाडु : ‘जिसके पास होगा नंबर उसे ही मिलेगा सरकार बनाने का निमंत्रण’, लोकभवन के सूत्रों ने बढ़ाया सस्पेंस

0
  • तमिलनाडु में नई सरकार के गठन को लेकर गतिरोध और सस्पेंस दोनों गहरा गया है। टीवीके चीफ विजय सरकार गठन के प्रयास में लगे हैं लेकिन अभी तक वह विधायकों की जरूरी संख्या नहीं जुटा पाए हैं। इस बीच रिपोर्टों में लोकभवन के सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि जिस किसी भी राजनीतिक दल के पास 118 विधायकों का समर्थन होगा, उसे सरकार बनाने के लिए निमंत्रण दिया जाएगा। सूत्रों ने इस बात से इंकार किया कि राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर केंद्र सरकार के दबाव में काम कर रहे हैं। सूत्रों का कहना है कि संवैधानिक प्रारूपों के अनुरूप कदम उठाए जा रहे हैं।
  • निमंत्रण में देरी करने पर राज्यपाल की आलोचना
  • दरअसल, सरकार बनाने के लिए टीवीके को निमंत्रण देने में हो रही देरी पर राज्यपाल की आलोचना हो रही है। एक्टर विजय सरकार बनाने के लिए दो बार राज्यपाल से मुलाकात कर चुके हैं लेकिन उन्हें सरकार बनाने के लिए न्योता नहीं मिला है। बीते चार मई को आए चुनाव नतीजों में टीवीके को जबर्दस्त जीत हासिल हुई है। विजय की पार्टी ने राज्य की दोनों बड़ी पार्टियों डीएमके एवं एआईएडीएमके को हराया है।
  • पलानीस्वामी ने निजी रिसॉर्ट में बैठक की
  • अन्नाद्रमुक महासचिव एडप्पाडी के. पलानीस्वामी ने बृहस्पतिवार को तमिलनाडु से नवनिर्वाचित विधायकों के साथ पुडुचेरी के बाहरी इलाके अरियानकुप्पम के पास स्थित एक निजी रिसॉर्ट में बैठक की। करीब 40 विधायक इस बैठक में मौजूद थे, जो लगभग एक घंटे तक चली। पार्टी सूत्रों के अनुसार, पलानीस्वामी ने नवनिर्वाचित विधायकों से एकजुट रहने और धैर्य बनाए रखने को कहा। उन्होंने विधायकों से कहा, ‘अच्छी चीजें होंगी, इसलिए आप सभी अगले कुछ दिनों तक रिसॉर्ट में एकजुट रहें और धैर्य बनाए रखें।’
  • कांग्रेस पहले ही टीवीके को समर्थन दे चुकी है
  • यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है जब तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) 234 सदस्यीय तमिलनाडु विधानसभा में बहुमत हासिल करने की कोशिश कर रही है। कांग्रेस पहले ही टीवीके को समर्थन दे चुकी है, जिसके पास पांच विधायक हैं। तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में टीवीके ने 108 सीटें जीतीं, जबकि द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) को 59, अन्ना द्रमुक को 47, कांग्रेस को पांच, पीएमके को चार, आईयूएमएल को दो, भाकपा को दो, माकपा को दो और वीसीके को दो सीटें मिलीं। वहीं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), डीएमडीके और एएमएमके को एक-एक सीट मिली। टीवीके प्रमुख विजय को जीती गई दो सीटों में से एक सीट से इस्तीफा देना होगा।
  • तमिलनाडु में सरकार बनाने के लिए टीवीके 118 विधायकों के समर्थन के आंकड़े तक पहुंचने से पीछे रह गई। अन्ना द्रमुक की पुडुचेरी इकाई के सचिव और इकलौते विधायक ए. अंबलगन ने पार्टी पदाधिकारियों के साथ रिसॉर्ट में पलानीस्वामी का स्वागत किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here