जिले की 20 से अधिक टीमों ने दिखाया दम, महिला पुरुष खिलाड़ियों में जबरदस्त उत्साह
फोटो
पदमेश न्यूज़। बालाघाट।खेल मैदान में खिलाड़ियों का जोश, जीत के लिए संघर्ष और दर्शकों का उत्साह। कुछ ऐसा ही नजारा इन दिनों नगर के उत्कृष्ट विद्यालय खेल मैदान में देखने को मिल रहा है। जिला खेल अकादमी के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय जिला स्तरीय वॉलीबॉल स्पर्धा का खिताबी मुकाबला रविवार को शाम 5 बजे खेला जाएगा। जिले के कोने-कोने से पहुंची 20 से अधिक टीमों ने स्पर्धा में हिस्सा लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया है। लंबे समय बाद नगर में आयोजित इस प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। महिला और पुरुष खिलाड़ियों ने समान भागीदारी निभाते हुए खेल मैदान में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है।
महिला खिलाड़ियों ने भी दिखाई दमदार मौजूदगी
स्पर्धा के दूसरे दिन 31 अक्टूबर को महिला वर्ग में तीन मुकाबले खेले गए। पुलिस अकादमी और लांजी के बीच हुए मुकाबले में पुलिस अकादमी की महिला टीम ने तीन में से दो सेट जीतकर अगले चरण में प्रवेश किया। वहीं कन्या परिसर गोंगलई और डिस्ट्रिक्ट स्पोर्ट्स अकादमी के बीच खेले गए मुकाबले में डिस्ट्रिक्ट स्पोर्ट्स अकादमी की टीम विजयी रही। तीसरे मुकाबले में लांजी और सिटी क्लब की टीमों के बीच प्रतिस्पर्धा देखने को मिली।महिला खिलाड़ियों की भागीदारी ने प्रतियोगिता को और अधिक रोमांचक बना दिया है। आयोजन समिति का मानना है कि महिला खिलाड़ियों को भी पुरुष खिलाड़ियों की तरह खेल के बेहतर अवसर मिलना आवश्यक है।
पुरुष वर्ग में ग्रामीण टीमों का शानदार प्रदर्शन
उधर पुरुष वर्ग के मुकाबलों में भी खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। गढ़ी निवास और लांजी बी के बीच हुए मुकाबले में लांजी बी की टीम विजेता रही। भीमलार और लालबर्रा के बीच खेले गए मैच में भीमलार की टीम ने 25-15 और 25-17 से जीत दर्ज की।कोसमी और तीरगांव के बीच हुए मुकाबले में तीरगांव की टीम ने 25-17 और 25-13 से जीत हासिल की। कायदी और डोरली के बीच खेले गए मैच में कायदी की टीम 25-15 और 25-10 से विजयी रही। वहीं मदनपुर और सिटी क्लब बी के मुकाबले में सिटी क्लब की टीम ने जीत दर्ज की।वही कुमादेही और डिस्ट्रिक्ट स्पोर्ट्स अकादमी के बीच खेले गए मुकाबले में बालाघाट की डिस्ट्रिक्ट स्पोर्ट्स अकादमी टीम ने 25-11 और 25-16 से जीत हासिल कर अगले चरण में प्रवेश किया। मुकाबलों में ग्रामीण क्षेत्रों की टीमों ने भी अपनी खेल क्षमता का भरपूर प्रदर्शन किया।
विजेता-उपविजेता को मिलेगी ट्रॉफी और नकद राशि
तीन दिवसीय स्पर्धा के समापन अवसर पर विजेता एवं उपविजेता टीमों को नकद पुरस्कार और ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही खिलाड़ियों को व्यक्तिगत रूप से भी प्रोत्साहित करने की व्यवस्था की गई है। आयोजन समिति का उद्देश्य प्रतियोगिता के माध्यम से खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाना और जिले में वॉलीबॉल के प्रति रुचि को प्रोत्साहित करना है।स्पर्धा को सफल बनाने में आयोजन समिति अध्यक्ष राजेश पाठक, सचिव अनुराग चतुरमोहता, श्रेयांश वैद्य, जिला खेल अकादमी अध्यक्ष तपेश असाटी, जिला वॉलीबॉल संघ अध्यक्ष अमरसिंह नरडे, अभिषेक पांडे, आशीष मिश्रा, देवेंद्र सिंह चंदेल, आदित्य पंडित, अनिल गुरनानी सहित समिति के अन्य सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान मिल रहा है।रविवार को होने वाले फाइनल मुकाबले को लेकर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में उत्सुकता बनी हुई है। अब देखना होगा कि जिले की कौन-सी टीम खिताबी जीत दर्ज कर वॉलीबॉल की जिला स्तरीय स्पर्धा की चैंपियन बनती है।
खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना ही प्रमुख उद्देश्य- राजेश पाठक
स्पर्धा के आयोजन समिति अध्यक्ष राजेश पाठक ने कहा कि जिला स्तरीय वॉलीबॉल स्पर्धा आयोजित करने का मुख्य उद्देश्य जिले की खेल प्रतिभाओं को पहचान दिलाना और उन्हें आगे बढ़ने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराना है। बालाघाट जिले में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता केवल उन्हें उचित मंच, मार्गदर्शन और अपनी प्रतिभा दिखाने के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराने की है।उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं है, बल्कि युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। खेल के माध्यम से युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित होती है। खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना चाहिए।










































