देवउठनी ग्यारस आज, सजा गन्ने का बाजार जमकर हुई खरीदी

0

पद्मेश न्यूज। वारासिवनी। देवउठनी ग्यारस एवं तुलसी विवाह पर्व को लेकर नगर में तैयारियां शुरू हो गई हैं। २० नवंबर को मनाए जाने वाले देवउठनी ग्यारस पर्व से एक दिन पहले १९ नवंबर को नगर में गन्ने का बाजार सज गया। जय स्तंभ चौक से लेकर नेहरू चौक तक गन्ने की दुकानें लगने से बाजार में रौनक देखने को मिली। इसके अलावा नगर के विभिन्न चौक चौराहों और प्रमुख स्थानों पर भी गन्ने की दुकानें सजाई गईं जहां लोगों ने पहुंचकर जमकर गन्ने की खरीदारी की। देवउठनी ग्यारस के अवसर पर गन्ने की खरीदारी का विशेष महत्व होने के कारण सुबह से ही बाजार में ग्राहकों की आवाजाही शुरू हो गई थी। दिनभर महिला पुरुषों सहित अन्य लोग गन्ना खरीदते नजर आए। पर्व को लेकर लोगों में खासा उत्साह दिखाई दिया। जय स्तंभ चौक से नेहरू चौक तक सडक़ किनारे लगी गन्ने की दुकानों के कारण पूरे क्षेत्र में बाजार जैसा माहौल बना रहा। वहीं अन्य चौक चौराहों पर भी गन्ने की दुकानें लगने से नगर में जगह.जगह रौनक दिखाई दी। विदित है कि २० नवंबर को देवउठनी ग्यारस का पर्व श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया जाएगा। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस दिन भगवान विष्णु चार माह की योगनिद्रा से जागते हैं। इसी के साथ चातुर्मास की समाप्ति होती है और मांगलिक कार्यों की शुरुआत मानी जाती है। देवउठनी ग्यारस पर घरों में माता तुलसी और भगवान शालिग्राम का विधि विधान से विवाह संपन्न कराया जाता है। इसी परंपरा के तहत नगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में भी तुलसी विवाह की तैयारियां की जा रही हैं। घरों में तुलसी चौरा की सजावट और पूजन की तैयारियों के बीच श्रद्धालु देवउठनी ग्यारस एवं तुलसी विवाह का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाएंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here