धर्मांतरण के आरोपों को लेकर पंवार समाज ने प्रशासन को सौंपा ज्ञापन, जाँच दल गठन की मांग,

0

जिले में कथित रूप से सुनियोजित तरीके से धर्मांतरण कराए जाने तथा विशेष रूप से पंवार समाज को निशाना बनाए जाने के आरोपों को लेकर पंवार समाज बालाघाट एवं राष्ट्रीय पंवार क्षत्रिय महासभा के पदाधिकारियों ने बुधवार को जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। समाजजनों ने इस पूरे प्रकरण को गंभीर बताते हुए त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।

समाज के प्रतिनिधियों ने पुलिस अधीक्षक एवं राज्य के पुलिस महानिदेशक के नाम दिए गए ज्ञापन में उल्लेख किया कि जिले में कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा योजनाबद्ध तरीके से धर्मांतरण की गतिविधियां संचालित की जा रही हैं, जिसमें विशेष रूप से पंवार समाज के लोगों को लक्षित किया जा रहा है। उनका कहना है कि इस प्रकार की गतिविधियां सामाजिक समरसता एवं कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती बन सकती हैं। ज्ञापन में मांग की गई है कि मामले की निष्पक्ष एवं गहन जांच के लिए विशेष जांच दल का गठन किया जाए। साथ ही आम नागरिकों की शिकायतों और सूचनाओं के लिए एक विशेष हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया जाए, ताकि इस प्रकार की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके। समाजजनों ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत दोषियों के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने की भी मांग की है। समाज के पदाधिकारियों ने प्रशासन को अवगत कराया कि यदि समय रहते इस पर अंकुश नहीं लगाया गया, तो भविष्य में यह समस्या और गंभीर रूप ले सकती है। उन्होंने प्रशासन से संवेदनशीलता के साथ इस मुद्दे को लेते हुए शीघ्र ठोस कदम उठाने की अपील की है। इस अवसर पर पंवार समाज के प्रतिनिधि मंडल में राष्ट्रीय महासभा के महासचिव अर्पण बिसेन, जिला अध्यक्ष विशाल बिसेन, जिला महासचिव डॉ. राजेंद्र कटरे, जिला संरक्षक बी.एल. चौधरी एवं रेखचंद देशमुख, जिला कोषाध्यक्ष शैलेन्द्र रहांगडाले, जिला उपाध्यक्ष श्रीमती गायत्री बिसेन, जिला सह सचिव अधिवक्ता अजय बिसेन, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अधिवक्ता आनंद बिसेन एवं मनोज भैरम, सह सचिव अधिवक्ता भूपेन्द्र भैरम, जिला उपाध्यक्ष आशुतोष बिसेन, जिला संयोजक गुणेन्द्र पटले, युवा प्रकोष्ठ संरक्षक महेंद्र अमूले, संयुक्त सचिव अवलेश पारधी, सदस्य सुशील रहांगडाले तथा वरिष्ठ समाजसेवी भगत जी सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here