इस साल अप्रैल में पेट्रोल इंजन वाली Ignis को बंद करने के बाद अब कार को इलेक्ट्रिक अवतार में लाया गया है। कंपनी की मानें तो यह कार एक बार फुल चार्ज होने पर 310 किलोमीटर तक चल सकती है।
मारुति सुजुकी (Maruti Suzuki) ने इस साल अप्रैल में ही पेट्रोल इंजन वाली Ignis को भारतीय बाजार के लिए बंद कर दिया था। वहीं, अब यही छोटी कार अब इलेक्ट्रिक अवतार में वापसी कर रही है। इस कार को हाल ही में ग्लोबल मार्केट में पेश किया गया है। इस बार इसे एक बदले हुए लुक में देखा जा रहा है। पेट्रोल Ignis के मुकाबले इलेक्ट्रिक मॉडल में सिर्फ इंजन ही नहीं बदला है, बल्कि इसका प्लेटफॉर्म, डिजाइन और ड्राइविंग एक्सपीरियंस भी नए सिरे से तैयार किया गया है। आइए जानते हैं नया इलेक्ट्रिक मॉडल पुरानी Ignis से कितना अलग है-
पेट्रोल इंजन की जगह इलेक्ट्रिक पावरट्रेन
भारत में NEXA की पेट्रोल Ignis BS6-कम्प्लायंट इंजन और ऑटो गियर शिफ्ट (AGS) विकल्प के साथ आती थी। नई Ignis EV में पारंपरिक इंजन की जगह इलेक्ट्रिक पावरट्रेन है। इसमें नया मोटर, इन्वर्टर और रिडक्शन गियर एक कॉम्पैक्ट eAxle यूनिट में जोड़े गए हैं। इससे स्मूद एक्सीलरेशन और कम शोर वाला ड्राइविंग एक्सपीरियंस मिलेगा।
LFP बैटरी का इस्तेमाल
पेट्रोल मॉडल में फ्यूल के तौर पर पेट्रोल इस्तेमाल होता है, जबकि इलेक्ट्रिक Ignis में LFP यानी लिथियम आयरन फॉस्फेट बैटरी दी गई है। सुजुकी के अनुसार, इसे बेहतर सुरक्षा और लंबी सर्विस लाइफ को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।
नए HEARTECT-e प्लेटफॉर्म पर तैयार
इस मॉडल का एक बड़ा बदलाव इसका प्लेटफॉर्म है। नई कार HEARTECT-e डेडिकेटेड इलेक्ट्रिक प्लेटफॉर्म पर आधारित है। बैटरी को बॉडी के नीचे लगाया गया है। कंपनी का कहना है कि इससे हल्की और मजबूत बॉडी के साथ केबिन में ज्यादा जगह मिलती है। इसका न्यूनतम टर्निंग रेडियस 4.5 मीटर है, जिससे शहर की तंग सड़कों पर मुड़ना आसान हो सकता है।
डिजाइन में नया डिजिटल टच
पेट्रोल Ignis की पहचान उसके अलग एक्सटीरियर से रही है। नई EV में स्मार्ट, आइकॉनिक और कोजी डिजाइन थीम अपनाई गई है। इसमें फ्लोटिंग रूफ, शोल्डर लाइन और डिजिटल अंकों से इंस्पायर्ड आगे-पीछे LED लैंप ग्राफिक्स मिलते हैं। केबिन में डैशबोर्ड से डोर ट्रिम तक जाती राउंडेड डिजाइन लाइन और चौड़ा डिस्प्ले पैनल दिया गया है।
ड्राइविंग और ब्रेकिंग का नया अनुभव
पेट्रोल कार से EV में आने वाले ग्राहकों को सहज अनुभव देने के लिए इसमें खास सस्पेंशन सेटअप है। साथ ही रीजनरेटिव-हाइड्रोलिक ब्रेकिंग सिस्टम, इलेक्ट्रिक ब्रेक बूस्टर और आसान संचालन वाला पेडल शामिल है। कंपनी के मुताबिक, इससे ब्रेकिंग स्वाभाविक महसूस होगी और एनर्जी भी रिकवर की जा सकेगी।
बता दें, नई Ignis EV फिलहाल यूरोप और चुनिंदा ग्लोबल बाजारों के लिए पेश की जा रही है। भारतीय बाजार में इसकी लॉन्चिंग को लेकर कंपनी ने अभी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है।













































