लालबर्रा। नगर मुख्यालय से सटी ग्राम पंचायत पनबिहरी में शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां के किसान सचिन पंचेश्वर के दो बैलों की पानी पीने के मात्र ५ मिनट के भीतर अचानक मौत हो गई। आंखों के सामने ही अपने पाले हुए मवेशियों को तड़पकर दम तोड़ते देख किसान और उनका परिवार सदमे में है। इस घटना से किसान को लगभग ६० हजार रूपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। वहीं किसान का आरोप है कि अज्ञात व्यक्ति द्वारा बाल्टी के पानी में यूरिया या जहरीला पदार्थ मिलाया गया है और बाल्टी के पानी पीते ही बेलों की मौत हुई है। किसान ने पुलिस प्रशासन से अज्ञात व्यक्तियों पर कार्यवाही करने की मांग की है।
उपचार के दौरान तोड़ा दम
प्राप्त जानकारी के अनुसार पनबिहरी निवासी सचिन पंचेश्वर खेती के साथ-साथ सब्जी उत्पादन का कार्य भी करते हैं। शुक्रवार दोपहर करीब १ बजे कृषि कार्य निपटाने के बाद वे रोजाना की तरह अपने मवेशियों को पानी पिला रहे थे। उन्होंने एक मवेशी को कुएं का पानी पिलाया, जबकि दो बैलों को पास ही रखी एक बाल्टी का पानी पिलाया। वहीं बाल्टी का पानी पीते ही दोनों बैलों की तबीयत अचानक बिगडऩे लगी। बैलों की हालत देखकर पशु मालिक एवं परिजन घबरा गये और तत्काल पशु चिकित्सक को बुलाये। जिसके बाद पशु चिकित्सक मौके पर पहुंचकर इलाज शुरू ही किया था कि कुछ ही मिनटों में दोनों बैलों ने दम तोड़ दिया। इस तरह से मवेशी मालिक एवं परिजनों के सामने चंद मिनटों में दो बैलों की मौत हो जाने से उन पर दु:ख का पहाड़ टुट पड़ा है। जिससे किसान काफी दु:खी है। वहीं पानी पीते ही हुई दो बैलों की मौत से आशंका जताई जा रही है कि किसी अज्ञात असामाजिक तत्व ने रंजिश या वैमनस्यता के चलते बाल्टी में रखे पानी में यूरिया खाद अथवा कोई जहरीला कीटनाशक पदार्थ मिला दिया होगा क्योंकि यूरिया खाद मवेशियों के लिए बहुत बड़ा जहरीला पदार्थ होता है। अगर कीटनाशक दवा का सेवन करते हुए उसकी दुर्गंध आती लेकिन ऐसी कोई दुर्गंध नही आ रही थी, जिससे लग रहा है कि यूरिया खाद से मिला पानी पीने से बैलों की मौत हुई है। पीडि़त किसान सचिन पंचेश्वर का कहना है कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है, फिर भी किसी अज्ञात व्यक्ति ने इस अमानवीय घटना को अंजाम दिया है। जबकि किसान ने बैलों को अपने बच्चों की तरह पाला था। पानी पीते ही दो बैलों की अचानक मौत हो जाने से किसान को करीब ६० हजार रूपये का नुकसान हुआ है। पीडि़त परिवार एवं ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से अज्ञात व्यक्तियों पर वैधानिक कार्यवाही करने की मांग की है।










































