भोपाल। बिजली के झूलते तार और अतिरिक्त ट्रांसफार्मर की मांग पूरी नहीं होने से नाराज किसानों ने सोमवार को अनूठे तरीके से विरोध किया। छोटी कुलांस में किसानों ने उफनती कुलांस नदी के किनारे और पानी में आधे डूबे खेतों के बीच पेड़ों पर बिजली कंपनी के जिम्मेदार अधिकारियों के पुतले और बैनर टांग दिए।
किसानों ने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत और ज्ञापन देने के बावजूद बिजली संबंधी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ है।
गांवों में बिजली के तार लंबे समय से झूल रहे
ढाबला, रामाखेड़ी, चंदेरी, बरखेड़ी, छोटी कुलांस, बड़ी कुलांस, भांडेली, बरबेली, श्यामपुर, खमरिया और संग्रामपुर
के किसान प्रदर्शन में शामिल हुए। उनका आरोप है कि गांवों में बिजली के तार लंबे समय से झूल रहे हैं। कुलांस खुर्द में अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाने की मांग भी लंबित है।
बाढ़ के पानी के साथ उनकी आवाज मुख्यमंत्री तक पहुंचे
किसानों ने बैनर के जरिए प्रतीकात्मक संदेश दिया कि कुलांस नदी आगे भोपाल के बड़े तालाब में मिलती है, इसलिए बाढ़ के पानी के साथ उनकी आवाज मुख्यमंत्री तक पहुंचे। किसानों का कहना है कि बिजली कंपनी के एमडी कार्यालय, ऊर्जा मंत्री तक ज्ञापन दिए पर कोई फायदा नहीं हुआ।










































