खरगोन में ब्रेक फेल होने से निजी बस बेकाबू होकर मोड़ पर पलट गई। हादसे से पहले घबराए कई यात्रियों ने चलती बस से कूदकर जान बचाई। दुर्घटना में 13 यात्री घायल हुए हैं।खरगोन: मध्य प्रदेश के खरगोन में शुक्रवार को एक निजी यात्री बस के अचानक ब्रेक फेल होने से बड़ा हादसा हो गया। खरगोन से बुरहानपुर जा रही बस अनियंत्रित होकर मोड़ पर पलट गई। हादसे से पहले ब्रेक फेल होने पर घबराए कई यात्रियों ने जान बचाने के लिए चलती बस से छलांग लगा दी। दुर्घटना में 13 यात्री घायल हुए हैं, जिनमें दो को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।भीकनगांव एसडीओपी केतन अडलक के अनुसार, निजी यात्री बस खरगोन से बुरहानपुर जा रही थी। चैनपुर थाना क्षेत्र में पाडल्या गांव के पास एक स्टेशन से आगे निकलते ही अचानक बस के ब्रेक फेल हो गए। इसके बाद बस में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई।
ब्रेक फेल होने के बावजूद जब बस की रफ्तार कुछ कम हुई तो कई यात्रियों ने जोखिम उठाते हुए चलती बस से छलांग लगा दी। इसके बाद बस आगे बढ़ती रही और एक मोड़ पर चालक के नियंत्रण से बाहर होकर पलट गई।
हादसे में 13 यात्री घायल, दो गंभीर
हादसे की सूचना मिलते ही ग्रामीण और पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। दुर्घटनाग्रस्त बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया और स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। हादसे में कुल 13 यात्रियों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। इनमें से दो घायलों की स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया।रक्षाबंधन के कारण बस में थीं बड़ी संख्या में महिलाएं
निमाड़ क्षेत्र में कृष्ण जन्माष्टमी के दिन रक्षाबंधन का पर्व मनाए जाने के कारण बस में बड़ी संख्या में महिलाएं भी सफर कर रही थीं। इनमें कई महिलाएं रक्षाबंधन मनाने अपने मायके जा रही थीं। हादसे के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा।
चालक-परिचालक मौके से फरार
चैनपुर थाना प्रभारी गणपत कनेल ने बताया कि हादसे के बाद बस का चालक और परिचालक मौके से फरार हो गए। कुछ यात्री भी उपचार या अन्य कारणों से घटनास्थल से चले गए। पुलिस उनकी जानकारी जुटा रही है।
बस की फिटनेस और दस्तावेजों की जांच
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को जब्त कर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बस के फिटनेस प्रमाणपत्र, पंजीयन और अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि ब्रेक फेल होने की वजह तकनीकी खराबी थी या बस के रखरखाव में किसी तरह की लापरवाही हुई थी।अर्थमूविंग मशीन से हटाई बस
हादसे के बाद बस सड़क पर पलट गई थी, जिससे मार्ग पर यातायात प्रभावित हुआ। पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी में अर्थमूविंग मशीन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त बस को सड़क से हटाया गया। इसके बाद मार्ग पर यातायात सामान्य हो सका।










































