Rahul Gandhi Kota Visit: कांग्रेस नेता राहुल गांधी के राजस्थान के कोटा दौरे के प्लान में आखिरी वक्त पर एक बड़ा बदलाव हुआ है। पहले वे ट्रेन से आने वाले थे, लेकिन अब वे चार्टर विमान के जरिए कोटा पहुंच रहे हैं। राहुल गांधी (Rahul Gandhi Kota Schedule) का यह दौरा मुख्य रूप से युवाओं और छात्रों से जुड़े मुद्दों पर केंद्रित है, जिसके लिए करीब 5 घंटे का एक-एक मिनट का कार्यक्रम तय किया गया है। आइए जानते हैं उनके इस दौरे का पूरा शेड्यूल क्या है:
दोपहर में एंट्री और स्वागत
राहुल गांधी दोपहर 2:15 बजे नई दिल्ली से चार्टर विमान से कोटा के लिए उड़ान भरेंगे। करीब सवा घंटे के सफर के बाद, दोपहर 3:40 बजे उनका विमान कोटा एयरपोर्ट पर उतरेगा। यहां कांग्रेस के स्थानीय और बड़े नेता उनका स्वागत करेंगे। एयरपोर्ट पर उतरने के ठीक बाद, वे सीधे स्टेशन रोड पर नेहरू गार्डन के पास स्थित एक निजी होटल के लिए रवाना हो जाएंगे।
युवाओं और छात्रों से सीधा संवाद
होटल पहुंचने के बाद शाम 4:00 बजे से 7:30 बजे तक का समय बेहद अहम होने वाला है। इस दौरान राहुल गांधी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों, विभिन्न छात्र संगठनों और युवाओं के प्रतिनिधिमंडलों से आमने-सामने बातचीत करेंगे। इस चर्चा में देश के गरमाए मुद्दे जैसे नीट-यूजी (NEET-UG) पेपर लीक, सरकारी नौकरियों की परीक्षाओं में धांधली और बेरोजगारी पर गंभीर मंथन होगा।
मुख्य कार्यक्रम और दिल्ली वापसी
होटल का कार्यक्रम खत्म करने के बाद, रात 8:00 बजे राहुल गांधी कोटा के प्रसिद्ध दशहरा मैदान स्थित श्रीराम रंगमंच पहुंचेंगे। यहां आयोजित मुख्य ‘छात्र संवाद’ कार्यक्रम में वे शामिल होंगे और युवाओं को संबोधित करेंगे।
यह कार्यक्रम रात 9:30 बजे तक चलेगा। इसके तुरंत बाद वे कोटा जंक्शन रेलवे स्टेशन के लिए रवाना होंगे। रात 9:45 बजे स्टेशन पहुंचकर वे ‘इंदौर-हिसार सुपरफास्ट एक्सप्रेस’ ट्रेन में सवार होंगे और दिल्ली के लिए वापस लौट जाएंगे।










































