समाज की एकता और सौहार्द का दिया संदेश, रैली के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का हुआ आयोजन
फोटो
पदमेश न्यूज़।लामता।जिला मुख्यालय से करीब 45 किमी दूर लामता में सामाजिक एकता, भाईचारे और सौहार्द को बढ़ावा देने के उद्देश्य से असाटी दिवस भव्यता के साथ मनाया गया। इस अवसर पर समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान रैली, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां एवं प्रतिभावान सदस्यों का सम्मान कर सामाजिक एकजुटता का संदेश दिया गया।कार्यक्रम का आयोजन समाज के अध्यक्ष महेश असाटी, उपाध्यक्ष मुकेश असाटी, सचिव आनंद असाटी एवं कोषाध्यक्ष रितेश असाटी के मार्गदर्शन में किया गया। आयोजन में समाज के महिला-पुरुषों, युवाओं एवं बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
बड़े हनुमान मंदिर से निकली भव्य रैली
असाटी दिवस के अवसर पर भव्य रैली का शुभारंभ बड़े हनुमान मंदिर से किया गया। रैली चमन टोला, शारदा मंदिर एवं संकट मोचन हनुमान मंदिर से होते हुए पुनः बड़े हनुमान मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। रैली के दौरान समाज के लोगों में उत्साह देखने को मिला। व्यस्त मार्गों पर सुरक्षा एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए लामता थाना प्रभारी जितेंद्र चौहान सहित थाना स्टाफ मुस्तैद रहा।
महिला मंडल ने संभाली आयोजन की जिम्मेदारी
कार्यक्रम को सफल बनाने में महिला मंडल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। महिला मंडल अध्यक्ष मोना असाटी, सचिव अनुराधा असाटी, सह सचिव राजश्री असाटी एवं कोषाध्यक्ष रुचि असाटी के नेतृत्व में महिला मंडल की टीम ने आयोजन की व्यवस्थाओं में सक्रिय योगदान दिया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन, प्रतिभाओं का हुआ सम्मान
कार्यक्रम के दौरान बच्चों एवं युवाओं ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। इस अवसर पर प्रतिभावान सदस्यों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। आयोजन के माध्यम से समाज की प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और नई पीढ़ी को सामाजिक गतिविधियों से जोड़ने का संदेश दिया गया।
सामाजिक उत्थान के लिए किया विचार-विमर्श
कार्यक्रम के समापन पर समाज के सदस्यों ने अल्पाहार के साथ आपसी संवाद किया। इस दौरान समाज की एकता को मजबूत बनाने, सामाजिक सहयोग बढ़ाने तथा भविष्य में समाज के उत्थान के लिए विभिन्न कार्यों को आगे बढ़ाने पर चर्चा की गई।आयोजकों ने असाटी दिवस के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी समाज बंधुओं, महिला मंडल, युवाओं एवं प्रशासनिक अमले के प्रति आभार व्यक्त किया। असाटी दिवस का यह आयोजन सामाजिक एकजुटता, आपसी सहयोग और सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने का संदेश देकर संपन्न हुआ।






































