हालौन नदी में पहली बार दिखे दो मगरमच्छ ग्रामीणों में कौतूहल

0

बालाघाट/ जिले के कान्हा राष्ट्रीय उद्यान के निकट स्थित ग्राम परसमाऊऔर आमाटोला के बीच बहने वाली हालौन नदी में दो मगरमच्छ दिखाई देने से क्षेत्र में कौतूहल का माहौल बन गया। मंगलवार को नदी में एक साथ दो मगरमच्छ नजर आने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और मगरमच्छों को देखने के लिए भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने मगरमच्छों की तस्वीरें और वीडियो अपने मोबाइल फोन में कैद कर इंटरनेट मीडिया पर साझा किए। जिसके बाद तस्वीरें तेजी से प्रसारित होने लगीं।

नदी में पहली बार मगरमच्छ दिखने से हैरान ग्रामीण

बताया जा रहा है कि बालाघाट जिले में किसी नदी में मगरमच्छ देखे जाने की यह पहली घटना सामने आई है। परसमाऊ आमाटोला के बीच स्थित पुल के समीप ग्रामीणों ने पानी में दो मगरमच्छों को देखा। नदी में एक साथ दो मगरमच्छों की मौजूदगी ग्रामीणों के लिए कौतूहल और आश्चर्य का विषय बन गई।
इस संबंध में डॉ. अमित पाटिल एवं राजकुमार मिश्रा ने बताया कि हालौन नदी मंडला क्षेत्र की ओर से बहते हुए गढ़ी की दिशा में आती है। इसी नदी पर बिरसा हालौन जलाशय भी स्थित है। मंगलवार को परसमाऊ आमाटोला के बीच पुल के समीप पानी में दो मगरमच्छ दिखाई दिए।

जैव विविधता के लिहाज से महत्वपूर्ण घटना

नदी में मगरमच्छों की मौजूदगी ने स्थानीय लोगों में जहां जिज्ञासा और उत्साह पैदा किया है वहीं यह घटना क्षेत्र की प्राकृतिक जैव विविधता की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि हालौन नदी में इस तरह के जलीय जीवों का दिखाई देना क्षेत्र के प्राकृतिक वातावरण और वन्यजीवों की विविधता की ओर संकेत करता है।
मगरमच्छों के नदी में दिखाई देने की खबर के बाद ग्रामीणों में इसे लेकर चर्चा का दौर शुरू हो गया है। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे वन्यजीवों की मौजूदगी को देखते हुए नदी और उसके आसपास के प्राकृतिक आवास के संरक्षण तथा लोगों को वन्यजीवों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने के प्रति जागरूक किया जाना आवश्यक है।मगरमच्छों के नदी में पहुंचने का वास्तविक कारण क्या है और वे किस क्षेत्र से यहां आए हैं यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। हालांकि बालाघाट जिले में किसी नदी में पहली बार मगरमच्छ देखे जाने की इस घटना ने क्षेत्र के प्राकृतिक वातावरण और जैव विविधता को लेकर लोगों का ध्यान जरूर आकर्षित किया है+++++

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here