अर्जेंटीना ने अपने आखिरी A-4AR/OA-4AR फाइटिंगहॉक्स को सर्विस से रिटायर कर दिया है। ये पुराने A-4 स्काईहॉक के अपग्रेडेड वेरिएंट थे, जिन्होंने अर्जेंटीना की वायुसेना में छह दशकों तक सेवा दी। A-4 विमानों को ऐसे समय में रिटायर किया गया है, जब अर्जेंटीनाई वायुसेना F-16 को अपने नए लड़ाकू विमान के रूप में शामिल कर रही है, जो उसकी क्षमताओं में एक बड़े बदलाव का संकेत है। अर्जेंटीना ने भारत के स्वदेशी तेजस लड़ाकू विमान की जगह अमेरिकी F-16 को तरजीह दी थी। ऐसे में भारत को अपना पहला विदेशी खरीदार मिलते-मिलते रह गया था।
अर्जेंटीना ने A-4 फाइटिंगहॉक को रिटायर किया
अर्जेंटीनाई वायु सेना ने शुक्रवार को सैन लुइस प्रांत के विला रेनॉल्ड्स एयर बेस पर फाइटिंगहॉक बेड़े को पूरी तरह से सेवामुक्त करने की घोषणा की। यह बेस अर्जेंटीना की आखिरी A-4 यूनिट, 5वीं एयर ब्रिगेड का होम बेस था। वायुसेना ने बताया कि F-16 को शामिल करने के साथ-साथ, A-4 विमानों को सेवा से हटाने का फैसला “परिचालन दक्षता और आर्थिक स्थिरता” को प्राथमिकता देने पर आधारित था। उन्होंने कहा कि पुराने A-4 विमानों की ऑपरेशनल लागत काफी अधिक थी। उनका मेंटीनेंस भी एक मुश्किल चुनौती बन गया था।










































