मध्य प्रदेश के झाबुआ की 17 वर्षीय भील छात्रा हिमा निमामा ने 11वीं कक्षा में पढ़ाई के दौरान परिवार की शादी कराने की योजना का विरोध किया था। स्कूल प्रिंसिपल की मदद से उसकी पढ़ाई जारी रह सकी। शारीरिक दिव्यांगता के बावजूद वह रोज 10 किलोमीटर का सफर तय कर स्कूल जाती है और प्राथमिक शिक्षक बनना चाहती है।
झाबुआ: मध्य प्रदेश के झाबुआ जिले के बरखेड़ा गांव की 17 वर्षीय भील आदिवासी छात्रा हिमा निनामा ने कक्षा 11 में अपने परिवार के शादी के फैसले को चुनौती देकर पढ़ाई जारी रखी। यूनिसेफ इंडिया की ओर से दर्ज की गई उसकी यह कहानी विश्व बाल दिवस के मौके पर पूर्व इंग्लिश फुटबॉल कप्तान और यूनिसेफ सद्भावना दूत डेविड बेकहम ने साझा की। हिमा के लिए स्कूल तक पहुंचना रोजमर्रा की कड़ी मशक्कत है। दाएं हाथ और दाएं पैर की शारीरिक दिव्यांगता के बावजूद वह हर स्कूल के दिन बरखेड़ा स्थित घर से बस पकड़ने वाले स्थान तक पांच किलोमीटर पैदल जाती है और शाम को पांच किलोमीटर पैदल लौटती है। कई बार उसे यह रास्ता अकेले तय करना पड़ता है।
परिवार की आर्थिक तंगी और शादी का दबाव
हिमा का परिवार बेहद सीमित संसाधनों में गुजर-बसर करता है। उसके माता-पिता निरक्षर हैं और थोड़ी-सी जमीन पर खेती करने के साथ दिहाड़ी मजदूरी करते हैं। मां कश्मा खेतों में काम करती हैं, जबकि हिमा की 16 वर्षीय बहन सोनिया भी कक्षा 9 में पढ़ते समय घर छोड़कर शादी कर चुकी है। स्कूल प्राचार्य ज्ञानेंद्र प्रसाद ओझा के अनुसार, जब हिमा कक्षा 11 में थी, तब उसने मदद मांगते हुए बताया कि उसके पिता उसकी शादी कराना चाहते हैं। प्राचार्य ने उसके पिता को स्कूल बुलाया, जहां पिता ने शादी का फैसला दोहराया और शारीरिक दिव्यांगता के कारण आगे की पढ़ाई को लेकर सवाल भी उठाया।
स्कूल के सहारे बदली स्थिति
प्राचार्य ओझा ने बताया कि स्कूल स्टाफ ने हिमा के पिता को समझाया और काउंसलिंग के जरिए उन्हें राजी किया। उन्होंने यह भी कहा कि जब हिमा स्कूल आई थी, तब उसके पास पहनने के लिए चप्पल तक नहीं थी। स्कूल की ओर से उसके लिए जूते की व्यवस्था की गई और उसकी शारीरिक जरूरत के अनुसार यूनिफॉर्म सिलवाई गई। हिमा बताती हैं कि वह सुबह 5:30 बजे उठती हैं, खाना बनाने और घर के काम में हाथ बंटाती हैं और करीब 10 बजे बस प्वाइंट पहुंचती हैं। लंबी दूरी पैदल चलने में कठिनाई और अकेलेपन के बावजूद उनका कहना है कि किसी भी स्थिति में स्कूल जाना उनकी प्राथमिकता है।










































