‘आप प्रेशर को नहीं समझ सकते…’ ‘मोदी है तो मुमकिन है’ सॉन्ग करने के लिए Rajkummar Rao पर था दबाव

0

Rajkummar Rao Comment: देशभर में NEET पेपर लीक विवाद को लेकर छात्रों का गुस्सा लगातार बढ़ता जा रहा है। दिल्ली के जंतर-मंतर पर CJP का आंदोलन जारी है, वहीं कई दूसरे शहरों में भी छात्र सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन कर रहे हैं। इस मुद्दे पर बॉलीवुड और टीवी इंडस्ट्री के कई सितारे भी खुलकर छात्रों के समर्थन में अपनी राय रख रहे हैं। हाल ही में बॉलीवुड एक्टर राजकुमार राव (Rajkummar Rao) ने भी छात्रों के समर्थन में सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर की। इस पोस्ट को लेकर सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। कुछ लोगों ने उनका समर्थन किया, जबकि कई यूजर्स ने उन्हें ट्रोल करते हुए उनके पुराने गाने ‘मोदी है तो मुमकिन है’ का जिक्र किया। अब राजकुमार राव ने इस आलोचना पर अपनी चुप्पी तोड़ते हुए खुलकर जवाब दिया है।

राजकुमार राव ने किया खुलासा

बॉलीवुड एक्टर राजकुमार राव के पोस्ट पर एक यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा कि उसने राजकुमार राव का बहुत सम्मान किया, लेकिन उस गाने (मोदी है तो मुमकिन है) के बाद उसकी राय बदल गई। यूजर ने यह भी कहा कि उसे उम्मीद नहीं थी कि राजकुमार इतने आसानी से किसी प्रचार का हिस्सा बन जाएंगे। इस कमेंट का जवाब देते हुए राजकुमार राव ने लिखा कि वह कभी अपनी आत्मा या अपने सिद्धांतों को नहीं बेच सकते। उन्होंने कहा कि एक गाना यह तय नहीं करता कि वह कौन हैं, उनकी सोच क्या है और वह किन मूल्यों पर चलते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि लोग किसी कलाकार पर पड़ने वाले दबाव को नहीं समझते। उनके मुताबिक, वह हमेशा उसी बात का साथ देंगे जो सही हो और जो लोगों को एकजुट रखे। राजकुमार ने आगे लिखा कि जब तक उनका जमीर साफ है और वह पूरी ईमानदारी से अपना काम करते हैं, तब तक उन्हें किसी और बात की चिंता नहीं है। उन्होंने कहा कि जो लोग उन्हें निजी तौर पर जानते हैं, वे उनकी असली सोच को भी जानते हैं। साथ ही उन्होंने उम्मीद जताई कि एक दिन वह उस यूजर का सम्मान दोबारा जीत पाएंगे। हालांकि, बाद में उन्होंने यह जवाब डिलीट कर दिया, लेकिन उसका स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।

आलिया भट्ट ने कही ये बात

छात्रों के लिए अब सभी स्टार्स मैदान में उतर गए है। आलिया भट्ट ने आज ही स्टूडेंट्स प्रोटेस्ट को लेकर लिखा, ‘पिछले कुछ दिन मेरे लिए दिल तोड़ने वाले भी रहे और उम्मीद देने वाले भी। जो छात्र आज अपनी बात पर डटे हुए हैं, उनके पीछे एक सपना है, उनके परिवार की उम्मीदें हैं और उनकी मेहनत व कई त्याग छिपे हैं। वे सिर्फ अपने लिए नहीं, बल्कि उन सभी लोगों के लिए खड़े हैं जो उनका साथ दे रहे हैं। साथ ही वे आने वाली पीढ़ी के लिए भी एक नई राह बना रहे हैं। उनका हौसला हम सभी से एक सवाल पूछता है कि क्या हम सच में उन युवाओं की आवाज सुन रहे हैं, जो इस देश का भविष्य तय करेंगे? इसी तरह सलमान खान और कमल हासन ने भी छात्रों के आंदोलन को सपोर्ट किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here