कनकी मड़ई में शामिल होने गया था परिवार, पीछे से सूने मकान में चोरी

0

ताला तोड़कर जेवरात और नकदी ले उड़े चोर

वारासिवनी। वारासिवनी थाना क्षेत्र के ग्राम मांझापुर स्थित साहू टोला में अज्ञात चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। परिवार के सभी सदस्य कनकी मड़ई कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। इसी दौरान घर की सूनी हालत का फायदा उठाकर चोरों ने मकान के सामने के दरवाजे का ताला तोड़ा और अंदर प्रवेश कर अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात एवं नकदी पर हाथ साफ कर दिया। रात में जब परिवार वापस लौटा तो घर का सामान बिखरा देख चोरी की जानकारी सामने आई। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम मांझापुर के साहू टोला निवासी पुनाराम बोरिकर अपने परिवार के साथ निवास करते हैं। शनिवार 21 नवंबर की रात करीब 8:30 बजे परिवार के सभी सदस्य घर पर ताला लगाकर कनकी मड़ई कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। इस दौरान अज्ञात चोरों ने मौके का फायदा उठाते हुए मकान के सामने के दरवाजे का ताला तोड़ दिया और घर के भीतर प्रवेश कर गए। चोरों ने घर में रखी अलमारी के ताले तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के जेवरात और नकद राशि चोरी कर ली। इधर रात करीब 10 बजे जब पुनाराम बोरिकर परिवार सहित कार्यक्रम से वापस घर पहुंचे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ देखा । घर के भीतर प्रवेश करने पर सामान अस्त व्यस्त पड़ा मिला और अलमारी के ताले टूटे हुए थे। जब उन्होंने अलमारी की जांच की तो उसमें रखे जेवरात और नकदी गायब मिले। इसके बाद तत्काल डायल 112 एवं वारासिवनी थाना पुलिस को घटना की सूचना दी गई। सूचना मिलने पर रविवार सुबह पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर चोरी से जुड़े साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने पीड़ित परिवार से घटना के संबंध में जानकारी लेकर आसपास के क्षेत्र में भी पड़ताल की। वहीं वारदात को अंजाम देने वाले अज्ञात आरोपियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। इस प्रकार मड़ई कार्यक्रम के दौरान परिवार की अनुपस्थिति में हुई इस चोरी की घटना से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चिंता बढ़ गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here