अज्ञात चोर सीसीटीव्ही कैमरे में कैद, पुलिस मामले की जांच में जुटी
पद्मेश न्यूज। लालबर्रा। नगर मुख्यालय स्थित जनपद शिक्षा केन्द्र (बीआरसी कार्यालय) के सामने से सोमवार को दिनदहाड़े विकासखण्ड अकादमी समन्वयक (बीएसी) जितेन्द्रकुमार डाहरे की मोटरसाइकिल अज्ञात चोर चोरी कर फरार हो गया। पूरी वारदात शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय लालबर्रा में लगे सीसीटीव्ही कैमरे के फुटेज में कैद हो गई है, लेकिन चेहरा स्पष्ट न दिखाई देने के कारण चोर की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है। चोरी गई फैशन प्रो मोटरसाइकिल की कीमत लगभग ५० हजार रूपये बताई जा रही है। पीडि़त बीएसी की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सीसीटीव्ही फुटेज में दिखा संदिग्ध
प्राप्त जानकारी के अनुसार विकासखण्ड अकादमी समन्वयक (बीएसी) जितेन्द्र कुमार डाहरे सोमवार को सुबह लगभग १०.३० बजे अपनी फैशन प्रो मोटरसाइकिल से कार्यालय पहुंचे थे और वाहन बाहर खड़ा कर अपने काम में व्यस्त हो गये। दोपहर करीब १ बजे जब वे बाहर आये तो मोटरसाइकिल गायब मिली। आसपास काफी खोजबीन के बाद जब उत्कृष्ट विद्यालय परिसर के सीसीटीव्ही फुटेज खंगाले गये तो उसमें एक संदिग्ध युवक परिसर में घूमता हुआ दिखाई दिया, जो कुछ देर बाद मोटरसाइकिल लेकर रफूचक्कर होता नजर आया। इस तरह से अज्ञात चोर ने कार्यालय के आसपास घुमने के बाद वाहन के पास जाकर एवं परिसर में पहले रैकिंग किया कि किसी को कोई संदेह तो नही हो रहा है। जिसके कुछ देर बाद सुनेपन का फायदा उठाकर वह मोटरसाइकिल लेकर से फरार गया। इस घटना के बाद से लोगों में रोष व्याप्त है।
नगर में लगातार बढ़ रही आपराधिक वारदातें
जनपद शिक्षा केन्द्र और उत्कृष्ट विद्यालय भवन के पीछे से दिनदहाड़े हुई इस चोरी से साफ है कि अज्ञात चोरों (असामाजिक) तत्वों में पुलिस का कोई खौफ नहीं रह गया है। उल्लेखनीय है कि बीती रात ही पुराने जनपद पंचायत कार्यालय के सामने स्थित ट्रांसफार्मर से ऑयल चोरी होने की घटना भी सामने आई थी। लगातार दो दिनों में हुई इन घटनाओं से नगर मुख्यालय में चोरों के सक्रिय होने की आशंका गहरा गई है। वहीं दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद जनपद शिक्षा केन्द्र आने वाले अन्य शिक्षकों एवं कर्मचारियों में अपने वाहनों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। स्थानीयजनों व शिक्षकों ने जनपद शिक्षा केन्द्र परिसर में सीसीटीव्ही कैमरे लगवाने तथा सुरक्षा गार्ड तैनात करने की मांग की है। साथ ही पुलिस प्रशासन से दिन एवं रात्रि में नियमित गश्त बढ़ाकर अज्ञात चोरों को शीघ्र गिरफ्तार कर सख्त कार्यवाही करने की मांग की है।









































