फीफा विश्व कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में अर्जेंटीना ने 0-1 से पिछड़ने के बावजूद एक बार फिर अपने ‘जादुई’ कप्तान लियोनेल मेसी के दो शानदार असिस्ट के दम पर गोल किए और 2-1 से मुकाबला जीतकर लगातार दूसरी बार फाइनल में जगह बना ली है। वहीं, पहले सेमीफाइनल में फ्रांस को हराकर फाइनल में पहुंचने वाली स्पेन अब फाइनल मैच अर्जेंटीना को चुनौती देगी, जब दोनों टीमें न्यूयॉर्क-न्यू जर्सी स्टेडियम के मैदान पर उतरेंगी, तो इस मैच को एक सर्वकालिक महान खिलाड़ी और भविष्य के सुपरस्टार के बीच की टक्कर के तौर पर भी देखा जाएगा।
दरअसल, एक तरफ होंगे अर्जेंटीना के 39 वर्षीय कप्तान लियोनेल मेसी, जो लगातार दो वर्ल्ड कप खिताब जीतने वाले पहले कप्तान बनने की कोशिश करेंगे। वहीं, दूसरी तरफ होंगे स्पेन के 19 वर्षीय खिलाड़ी लैमिन यमल। असल में, अपने-अपने देश के ये दोनों स्टार फुटबॉलर बार्सिलोना फुटबॉल क्लब की मशहूर ‘ला मासिया’ अकादमी के दो अलग-अलग दौर के सितारे रह चुके हैं।
दो शानदार खिलाड़ी और वो दिलचस्प संयोग
इन दोनों खिलाड़ियों की इस ऐतिहासिक टक्कर के पीछे एक गहरा और दिलचस्प संयोग छिपा है। जिस व्यक्ति ने लगभग 20 साल पहले एक प्लास्टिक टब में छह महीने के बच्चे को अजीब ढंग से नहलाया था, वही व्यक्ति आज दुनिया के फ़ुटबॉल के सबसे बड़े मंच पर उस बच्चे के रास्ते में खड़ा है। मामला 2007 का है जब कैंप नोउ के लॉकर रूम के शांत गलियारों में लियोनेल मेसी और लैमिन यमल के रास्ते एक-दूसरे से पहली बार टकराए थे।
स्थानीय कैटलन अखबार ‘डायरियो स्पोर्ट’ ने UNICEF के साथ मिलकर बार्सिलोना फुटबॉल क्लब के खिलाड़ियों के साथ एक सालाना चैरिटी कैलेंडर शूट का आयोजन किया था। स्पेन के मटारो में मजदूरों के इलाके ‘रोका फोंडा’ में हुई एक साधारण लॉटरी के जरिए, एक स्थानीय परिवार को अपने छह महीने के बच्चे को कैलेंडर में शामिल कराने का ज़िंदगी में एक बार मिलने वाला मौका मिला। वह बच्चा कोई और नहीं, बल्कि लैमिन यमल ही था।










































