क्रिकेटर और विकेटकीपर दिनेश कार्तिक (Dinesh Karthik) का जिंदगी में दो खुशियां एक साथ आई हैं। वो एक ही दिन में दो बच्चों के पिता बन गए हैं। उनकी पत्नी दीपिका पल्लिकल (Dipika Pallikal) ने जुड़वां लड़कों को जन्म दिया है। दिनेश कार्तिक ने सोशल मीडिया के जरिए सभी को अपने पिता बनने की जानकारी दी और अपनी खुशी साझा की। उन्होंने सोशल मीडिया पर जुड़वा बेटों के साथ अपनी, अपनी पत्नी दीपिका पल्लिकल और डॉगी की तस्वीर शेयर की और ये बताया कि हम 3 से 5 हो गए हैं। कार्तिक ने अपने दोनों बेटों के नाम भी बताए। दिनेश कार्तिक और दीपिका पल्लिकल ने अपने एक बेटे का नाम कबीर पल्लिकल कार्तिक रखा और दूसरे का नाम जियान पल्लिकल कार्तिक रखा है।
दिनेश कार्तिक के पिता बनने पर फैन्स और तमाम साथियों के साथ ही उनकी IPL फ्रेंचाइजी कोलकाता नाइट राइडर्स ने भी उन्हें मुबारकबाद दी। फ्रेंचाइजी ने ट्वीट कर लिखा कि हमारी KKR फैमिली में दो नए सदस्य जुड़ गये हैं और ये फैमिली और बड़ी हो गई है। भारतीय क्रिकेटर दिनेश कार्तिक और स्क्वैश प्लेयर दीपिका पल्लिकल की साल 2015 में शादी हुई थी। शादी के 6 साल बाद वो अब जुड़वां बच्चों के पापा बने हैं। दीपिका, कार्तिक की दूसरी पत्नी हैं. इससे पहले पहली बीवी निकिता से उनका साल 2012 में तलाक हो गया था।
बतौर खिलाड़ी दिनेश कार्तिक ने भारत के लिए 26 टेस्ट, 94 वनडे और 32 T20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 3000 से ज्यादा रन बनाए हैं। उन्होंने भारत के लिए आखिरी मैच साल 2019 में खेला था। IPL में खेले 200 से ज्यादा मैचों में वो 4000 से ज्यादा रन बना चुके हैं। इस दौरान उनका औसत 25 से ज्यादा और स्ट्राइक रेट 129 से ऊपर का रहा है। इस सीजन से पहले वो KKR के कप्तान भी रहे थे।