तीन दिन से लापता व्यक्ति का संदिग्ध अवस्था में कुएं में मिला शव

0

क्षेत्र में फैली सनसनी
ससुराल आया था मृतक, आज किया जायेगा पोस्टमार्टम, मामले की जांच में जुटी पुलिस

पद्मेश न्यूज। लालबर्रा। ससुराल आये एक ४५ वर्षीय व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में कुएं में मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक पिछले तीन दिनों से लापता था, जिसकी सूचना परिजनों ने पुलिस थाने में भी दर्ज करवाई थी। सोमवार को ग्राम पंचायत टेकाड़ी ला. निवासी किसान के खेत स्थित कुएं से पुलिस ने तीन दिन से लापता व्यक्ति पोटूटोला बोरी निवासी ४५ वर्षीय अमरसिंह बैगा का शव बरामद किया हैै। वहीं शाम हो जाने के कारण शव को लालबर्रा के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के शव विच्छेदन गृह में रखवा दिया गया है, मंगलवार को सुबह पोस्टमार्टम किया जायेगा। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक अमरसिंह पिता मिलाप सिंह बैगा उम्र ४५ वर्ष निवासी ग्राम बोरी के पोटूटोला का रहने वाला था। जो बीते कुछ दिनों पूर्व रक्षाबंधन में ससुराल ग्राम टेकाड़ी ला. आया हुआ था। पिछले तीन दिनों से वह अचानक लापता हो गया, जिसकी काफी खोजबीन के बाद भी कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजनों द्वारा थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई गई थी। सोमवार शाम लगभग ४ बजे खेत में घास काटने गये एक किसान ने जब पास स्थित कुएं की ओर से गुजर रहा था तो उसे एक शव तैरता हुआ दिखाई दिया। जिसके बाद उसके द्वारा शोर मचाते हुए ग्रामीणों को जानकारी दी कि कुएं में एक व्यक्ति डूबा हुआ है। वहीं देखते-देखते घटना स्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। जिसके बाद पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। पुलिस घटना स्थल पहुंचकर होमगार्ड एसडीआरएफ की टीम की मदद से शव को कुएं से बाहर निकाले, जिसकी शिनाख्त तीन दिनों से लापता व्यक्ति अमरसिंह के नाम से की गई। जिसके बाद उसके परिजनों को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने घटनास्थल पर पंचनामा कार्यवाही पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए लालबर्रा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र लेकर आये। लेकिन देरशाम हो जाने के कारण शव को शव विच्छेदन गृह में रखवा दिया गया है, दुसरे दिन मंगलवार को पोस्टमार्टम किया जायेगा। वहीं बताया जा रहा है कि मृतक रक्षाबंधन पर्व पर अपने ससुराल टेकाड़ी ला. आया था और तीन दिन पूर्व बिना बताये कही लापता हो गया था, तीन दिन बाद टेकाड़ी ला. के किसी किसान के खेत स्थित कुएं से उसका शव संदिग्ध अवस्था में मिला है, जिससे ऐसा लग रहा है कि वह खेत की ओर घुमने गया होगा और कुएं के समीप से गुजरते समय पैर अनियंत्रित होने से कुएं में गिर गया होगा जिससे उसकी मौत होने की संभावना व्यक्त की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु का कारण स्पष्ट हो पायेगा।

दूरभाष पर चर्चा में थाना प्रभारी राजमल दायमा ने बताया कि तीन दिन से लापता व्यक्ति का टेकाड़ी ला. निवासी एक किसान के खेत स्थित कुएं से सोमवार की शाम में शव दिखाई देने की सूचना मिली थी। जिसके बाद पुलिस घटना स्थल पहुंचकर शव बरामद कर आवश्यक कार्यवाही की है। मृतक ४५ वर्षीय अमरसिंह बैगा पोटूटोला बोरी निवासी है, देरशाम हो जाने के कारण मृत व्यक्ति की लाश को शव विच्छेदन गृह में रखवा दिया गया है, दुसरे दिन मंगलवार को पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया जायेगा एवं मर्ग कायम कर मामले की जांच की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here