थाने के पीछे से अज्ञात चोरों ने बाइक और नगदी चोरी कर हुए फरारयुवक को हुआ हजारों रूपये का नुकसान, जांच में जुटी पुलिस

0

पद्मेश न्यूज। लालबर्रा। पुलिस थाने से महज १०० मीटर की दूरी पर अज्ञात चोरों ने चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम देकर पुलिस की गश्ती को चुनौती दी है। शनिवार और रविवार की दरमियानी रात खाद गोदाम के समीप ग्राम पंचायत अमोली (वार्ड नंबर २०) में चोरों ने एक मकान के बाउण्ड्रीवाल दीवार के अंदर खड़ी मोटरसाइकिल चोरी कर ली और साथ ही एक सूने कमरे का ताला तोडक़र नगदी पर हाथ साफ कर दिया। जिससे आसपास के मकान में निवासरत लोगों एवं रहवासी क्षेत्र में दहशत का माहौल निर्मित हो गया है। वहीं अज्ञात चोरों ने थाने के पीछे १०० मीटर की दुरी में चोरी की वारदात को अंजाम दिये है। इस चोरी की वारदात से प्रायवेट जॉब करने वाले युवक को हजारों रूपये का नुकसान हुआ है। पुलिस ने प्रार्थी की रिपोर्ट पर अज्ञात चोरों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला पंजीबध्द कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

बाउंड्रीवाल के अंदर से ले उड़े बाइक

प्राप्त जानकारी के अनुसार मूलत: रामपायली निवासी तुषार हनवत लालबर्रा में प्रायवेट जॉब करता है और थाने के पीछे एक किराये के मकान में तीसरी मंजिल पर रहता हैं। शनिवार शाम ड्यूटी से लौटने के बाद उन्होंने अपनी मोटरसाइकिल मकान की बाउंड्रीवाल के अंदर खड़ी की थी। जहां मकान मालिक की भी अन्य गाडिय़ां खड़ी थीं। सुबह जब तुषार की नींद खुली, तो उन्होंने देखा कि उनकी बाइक वहां से गायब है। वहीं चोरों ने न सिर्फ बाइक चोरी की, बल्कि उसी परिसर में नीचे के कमरे में रहने वाले पटवारी के सूने कमरे का ताला भी तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि चोरों ने कमरे के अंदर से करीब २० से २५ हजार रूपये की नगदी चोरी कर ली है। वारदात के समय मकान मालिक दूसरी मंजिल पर और तुषार तीसरी मंजिल पर सो रहे थे। इस तरह से अज्ञात चोरों ने श्री हनवत की मोटरसाइकिल चोरी कर फरार हो गये। वहीं थाने से मात्र १०० मीटर की दूरी पर स्थित रहवासी इलाके में हुई इस वारदात से स्थानीय नागरिकों में भारी आक्रोश और भय व्याप्त है। लोगों का कहना है कि चोरों के मन में पुलिस का खौफ खत्म हो चुका है। पीडित एवं मकान मालिक ने पुलिस प्रशासन से अज्ञात चोरों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्यवाही करने की मांग की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here