उत्तर प्रदेश में छात्रों के लिए फ्री टैबलेट योजना चलाई जा रही है। इस योजना का उद्देश्य रोजगार की तैयारी करने वाले युवाओं की डिजिटल स्किल को बढ़ाना है।
उत्तर प्रदेश में पढ़ाई के साथ-साथ डिजिटल स्किल और रोजगार की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए सरकार की एक खास योजना चल रही है। इस स्कीम का नाम स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना (Swami Vivekananda Youth Empowerment Scheme) है। इस योजना के तहत पात्र विद्यार्थियों को मुफ्त टैबलेट दिए जा रहे हैं, ताकि आर्थिक स्थिति की वजह से किसी युवा की पढ़ाई और डिजिटल शिक्षा प्रभावित न हो। सरकार ने दूसरे चरण में 25 लाख अतिरिक्त टैबलेट बांटने की शुरुआत की है।
25 लाख युवाओं तक पहुंचेगा मुफ्त टैबलेट
योजना की शुरुआत 25 दिसंबर 2021 को हुई थी। इसका उद्देश्य प्रदेश के युवाओं को तकनीक से जोड़ना और उन्हें शिक्षा व रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध करवाना है। 15 नवंबर 2026 को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ के राष्ट्र प्रेरणा स्थल से योजना के दूसरे चरण की शुरुआत की। इस कार्यक्रम में लखनऊ, हरदोई, सीतापुर और उन्नाव के करीब 300 शिक्षण संस्थानों के 50 हजार से अधिक विद्यार्थियों और प्रशिक्षणार्थियों को टैबलेट बांटे गए। सरकार के मुताबिक, पहले चरण में 60 लाख से अधिक युवाओं को टैबलेट और स्मार्टफोन दिए जा चुके हैं। अब वित्त वर्ष 2026-27 में 25 लाख अतिरिक्त टैबलेट बांटने का लक्ष्य है।
18 हजार से ज्यादा कोर्स की मिलेगी मुफ्त सामग्री
इस योजना की खासियत सिर्फ मुफ्त टैबलेट देना नहीं है। सरकार ने विद्यार्थियों को पढ़ाई और स्किल डेवलपमेंट के लिए डिजिटल कंटेंट उपलब्ध कराने की भी व्यवस्था की है। इसके लिए इन्फोसिस के साथ साझेदारी की गई है। टैबलेट में 18 हजार से अधिक ऑनलाइन कोर्स की सामग्री उपलब्ध होगी। इसमें योग से लेकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और डीप टेक जैसे विषय शामिल हैं। विद्यार्थी गणित जैसे विषयों की पढ़ाई में भी इन संसाधनों की मदद ले सकते हैं। इसके अलावा, टैबलेट में युवा साथी ऐप मिलेगा, जिसके जरिए केंद्र और राज्य सरकार की युवाओं से जुड़ी योजनाओं की जानकारी हासिल की जा सकेगी।
किन विद्यार्थियों को मिलेगा योजना का लाभ?
योजना के तहत ग्रेजुएशन, पोस्ट ग्रेजुएशन, डिप्लोमा, पैरामेडिकल, नर्सिंग, आईटीआई और कौशल विकास से जुड़े पाठ्यक्रमों में पढ़ने वाले पात्र विद्यार्थी लाभ उठा सकते हैं। संबंधित शिक्षण संस्थान और विभाग लाभार्थियों की पहचान करते हैं। पात्रता संबंधित पाठ्यक्रम और सरकारी दिशा-निर्देशों के आधार पर तय होती है। अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों और एक साल या उससे कम अवधि वाले कोर्स के छात्रों को वितरण में प्राथमिकता भी दी जा सकती है।
कैसे मिलेगा मुफ्त टैबलेट?
इस योजना के लिए विद्यार्थियों को अलग से कोई आवेदन फॉर्म भरने की जरूरत नहीं है। संबंधित कॉलेज, विश्वविद्यालय या प्रशिक्षण संस्थान पात्र विद्यार्थियों की डिटेल्स DigiShakti पोर्टल पर अपलोड करते हैं। इसके बाद विद्यार्थियों को आधार के जरिए ई-केवाईसी पूरी करनी होती है। इसके लिए आधार से लिंक मोबाइल नंबर या ईमेल पर ओटीपी आ सकता है। विद्यार्थी DigiShakti पोर्टल पर अपनी जानकारी और ई-केवाईसी स्टेटस चेक कर सकते हैं।









































