बालाघाट/ रूपझर थाने की डोरा पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मोहगांव में पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पूजा पाठ नहीं करने से भड़की सास ने अपनी ही 21 वर्षीय बहू पर जलती लकड़ी से हमला कर दिया और दांत से काटकर घायल कर दिया। घायल बहू डाली पति राजेश उइके 21 वर्ष को जिला अस्पताल बालाघाट में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार डाली का मायका भी मोहगांव में ही है। पिछले वर्ष उसने गांव के ही राजेश उइके के साथ मंदिर में प्रेम विवाह की है। शादी के बाद से वह अपने पति राजेश और सास कोसुला बाई उइके के साथ ससुराल में रह रही है। और घरेलू काम करती है। शादी के बाद से ही सास बहू के बीच घरेलू बातों को लेकर अक्सर विवाद होटे रहता था।घटना 29 अगस्त की सुबह करीब 6 बजे की है। डाली घर में नाश्ता बना रही थी।तभी उसकी सास कोसुला बाई वहां आई और सुबह उठकर नहा-धोकर पूजा-पाठ नहीं करने को लेकर ताना मारने लगी। इस पर डाली ने कहा कि तुम भी तो नहा धोकर सुबह पूजा-पाठ नहीं करती। इसी बात पर दोनों सास बहू के बीच बहस शुरू हो गई। सास कोसुला बाई ने बहु डाली को अश्लील गालियां देना शुरू कर दिया। जब डाली ने गाली देने से मना किया तो कोशुला बाई आवेश में आ गई और उसने चूल्हे में से जलती हुई लकड़ी निकालकर बहू डाली पर हमला कर मारपीट करने लगी और दांत से काट लिया।जिससे खून निकलने लगा।सास बहू के बीच झगड़ा होते देख मोहल्ले-पड़ोस के लोग दौड़े और बीच बचाव किया। इसके बाद भी कोसुला बाई ने बहू डाली को सुबह पूजा-पाठ नहीं करने पर जान से खत्म करने की धमकी दी।हमले में डाली की बाएं हाथ की कलाई और दाहिने हाथ के बीच का हिस्सा झुलस गया है। इसके बाद डाली रिपोर्ट करने रूपझर थाना पहुँची।रूपझर पुलिस ने डाली की शिकायत पर उसकी सास कोसुला बाई उइके के विरुद्ध अश्लील गाली गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में अपराध पंजीबद्ध किये है जिसकी विवेचना की जा रही है।









































