एकजुटता
महिला पदाधिकारियों और ब्लॉक अध्यक्षों ने ग्रहण की जिम्मेदारी, जनप्रतिनिधियों व समाज प्रमुखों ने दिलाई शपथ
फोटो
पदमेश न्यूज़।बालाघाट। जिला महिला लोधी क्षत्रिय महासभा के तत्वावधान में रविवार को नगर के कमला नेहरू महिला मंडल प्रेक्षागृह में महिला संगठन का शपथ ग्रहण समारोह एवं भुजली मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। दोपहर 3 बजे से आयोजित इस कार्यक्रम में महिला जिलाध्यक्ष शीला नगपुरे के नेतृत्व में कार्यकारिणी पदाधिकारियों एवं ब्लॉक अध्यक्षों ने शपथ ग्रहण कर सामाजिक जिम्मेदारियों के निर्वहन का संकल्प लिया।शपथ ग्रहण समारोह के बाद सामाजिक परंपरा के अनुसार रक्षाबंधन के पश्चात मनाए जाने वाले भुजलियां पर्व के तहत भुजलियों का विधिवत पूजन किया गया। कार्यक्रम के समापन के बाद भुजलियों का विसर्जन नगर के मोती तालाब सरोवर में किया जाएगा। समारोह में बड़ी संख्या में समाज की महिलाएं एवं सामाजिकजन शामिल हुए।कार्यक्रम में विधायक अनुभा मुंजारे, राजकुमार कर्राहे, प्रदेश अध्यक्ष कमलेश वर्मा, जिलाध्यक्ष डॉ. अशोक लिल्हारे सहित अन्य जनप्रतिनिधि, समाज प्रमुख एवं सामाजिकजन मौजूद रहे। अतिथियों ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए समाज की एकजुटता पर जोर दिया।
एकजुटता से ही समाज का सर्वांगीण विकास
मंचासीन अतिथियों ने कहा कि किसी भी समाज की सबसे बड़ी ताकत उसकी सामाजिक एकता और आपसी सहयोग होती है। समाज के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक है कि सामाजिकजन आपसी समन्वय और एकजुटता के साथ समाज को आगे बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सामाजिक भागीदारी बढ़ने से समाज को नई दिशा और मजबूती मिलेगी। जनप्रतिनिधियों ने सामाजिक उन्नति एवं प्रगति के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
विभिन्न कार्यक्रमों के किए गए आयोजन- शीला
जिला महिला लोधी क्षत्रिय महासभा की जिलाध्यक्ष शीला नगपुरे ने बताया कि समारोह में महिला संगठन की कार्यकारिणी पदाधिकारियों के साथ ब्लॉक अध्यक्षों ने भी शपथ ग्रहण की। इसके पश्चात भुजलियां मिलन समारोह आयोजित किया गया, जिसमें विधिवत पूजन के बाद भुजलियों का मोती तालाब में विसर्जन किया गया है। इसके अलावा विभिन्न कार्यक्रम के आयोजन संपन्न कराए गए हैं।









































