मध्य प्रदेश में 20 लाख लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य, 36 लाख डोज उपलब्ध

0

कोरोना टीकाकरण महाअभियान के दूसरे चरण में आज पहले दिन 20 लाख लोगों को कोविड-19 से बचाव के टीके का पहला और दूसरा डोज लगाया जाएगा। कोवैक्सीन और कोविशील्ड दोनों वैक्सीन लगाई जाएंगी। दो दिन के इस अभियान में गुरुवार को 15 लाख लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य है। इसके लिए प्रदेश के टीकाकरण केंद्रों में 36 लाख डोज वैक्सीन पहुंचा दी गई है। स्वास्‍थ्‍य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार को भी केंद्र सरकार से नौ लाख डोज मिले हैं। पहले से 27 लाख डोज उपलब्ध थे। बुधवार को भी टीका केंद्र से मिलेगा। प्रदेश भर में टीकाकरण के लिए बुधवार को 8000 सत्र आयोजित किए जाएंगे। इनमें कुछ पहले से संचालित स्थाई टीकाकरण केंद्र हैं। नगर निगम और जिला प्रशासन के अधीन महाअभियान के लिए अस्थाई टीमें भी बनाई गई हैं।

50 लाख लोगों का दूसरा डोज लंबित, इन पर ज्यादा ध्यान

स्वास्थ्य मंत्री डॉ प्रभुराम चौधरी ने बताया कि ज्यादा से ज्यादा लोग टीका लगवाने के लिए आएं, इसके लिए प्रदेश भर में टीमें काम कर रही है। सभी जिलों में कंट्रोल रूम से उन लोगों को फोन करके बुलाया जा रहा है, जिनका दूसरा डोज लंबित है। प्रदेश में ऐसे लोगों की संख्या करीब 50 लाख है। इसके अलावा आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की टीम भी ऐसे लोगों को चिन्हित करके उनके घर-घर जाकर टीका लगवाने के लिए प्रेरित कर रही है। उन्होंने बताया कि हर पंचायत में भी एक टीम काम करेगी। कम से कम 100 लोगों को एक पंचायत में टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया है। प्रदेश में अभी तक तीन करोड़ 33 लाख 99 हजार लोगों को सिर्फ पहला और 66 लाख लोगों को दोनों डोज लग चुके हैं। 18 साल से ज्यादा उम्र के 5.50 करोड़ लोगों को टीका लगाया जाना है।

प्रदेश में बुधवार को महाअभियान के पहले दिन आठ हजार सत्र आयोजित किए जाएंगे। वैक्सीन की पर्याप्त उपलब्धता है। अभी 36 लाख डोज उपलब्ध हैं। बुधवार को भी वैक्सीन मिलने की उम्मीद है। डॉ. प्रभुराम चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री, मप्र

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here