महेश्वर नगर में हथियार लेकर घूमते दिखे पांच संदिग्ध

0

दो घरों के टूटे ताले नगर में लगातार चोरी की घटनाओं से रहवासियों में दहशत

पद्मेश न्यूज। वारासिवनी। नगर के वार्ड नंबर ८ स्थित महेश्वर नगर कॉलोनी में सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात पांच संदिग्ध लोगों के हथियार लेकर घूमने और चोरी की नीयत से घरों में घुसने का मामला सामने आया है। रहवासियों के अनुसार संदिग्धों की गतिविधियां कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई हैं। घटना के बाद कॉलोनी के लोगों में भय का माहौल है। कॉलोनी वासियों के द्वारा ३० सितंबर को थाना वारासिवनी में दिए गए आवेदन में बताया कि रात करीब २ बजे से ३ बजे के बीच पांच अज्ञात व्यक्ति कॉलोनी में घूमते दिखाई दिए। संदिग्धों ने करीब तीन घरों में प्रवेश किया। जिसमें संतोष चौधरी के मकान के गेट और मुख्य दरवाजे का ताला तोडक़र घर का सामान अस्त व्यस्त किया गया। वहीं जे एस चौबे के मकान के मुख्य दरवाजे का ताला और कुंडी भी टूटी मिली। तीसरे मकान में प्रवेश किए जाने की भी जानकारी आवेदन में दी गई है। रहवासियों ने बताया कि महेश्वर नगर में पहले भी चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। वहीं हाल के दिनों में वारासिवनी के वार्ड नंबर ५ स्थित विश्वकर्मा मंदिर और सांईं मंदिर में ताले तोडक़र दान पेटियां चोरी किए जाने की घटना सामने आई थी। इससे पहले भी नगर में मंदिरों, सूने मकानों और अन्य स्थानों पर चोरी की घटनाएं सामने आने से लोगों में चिंता बनी हुई है। महेश्वर नगर के रहवासियों ने थाना प्रभारी को दिए आवेदन में मामले की जांच कर अज्ञात लोगों के खिलाफ कार्यवाही करने, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फु टेज खंगालने तथा कॉलोनी में रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है। रहवासियों ने लोगों से रात के समय सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here