बालाघाट, पन्ना, हैदराबाद और तमिलनाडु की टीमें बराबरी पर
उकवा में 65वें मॉयल सार्वजनिक दुर्गा उत्सव के तहत अखिल भारतीय फुटबॉल प्रतियोगिता का रोमांच जारी,
आज असम-उकवा और छत्तीसगढ़-महू के बीच भिड़ंत
फोटो
पदमेश न्यूज़। उकवा/बालाघाट।मॉयल लिमिटेड सार्वजनिक दुर्गा उत्सव समिति उकवा के तत्वावधान में आयोजित 65वें मॉयल सार्वजनिक दुर्गा उत्सव के अंतर्गत अखिल भारतीय नॉकआउट कम लीग फुटबॉल प्रतियोगिता रोमांचक मुकाबलों के साथ आगे बढ़ रही है। 11 अक्टूबर 2026 से मॉयल ग्राउंड, उकवा खान में शुरू हुई इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों की टीमें अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं। प्रतियोगिता के दूसरे दिन खेले गए दोनों मुकाबले बराबरी पर समाप्त हुए। हैदराबाद और तमिलनाडु की टीमों के बीच गोल नहीं हो सका, जबकि बालाघाट और पन्ना की टीमों ने एक-एक गोल दागकर अंक बांटे।
हैदराबाद-तमिलनाडु का मुकाबला गोल रहित, बालाघाट और पन्ना बराबर
प्रतियोगिता के दूसरे दिन पहला मुकाबला आरटी बॉयज हैदराबाद और तमिलनाडु पुलिस चेन्नई के बीच खेला गया। दोनों टीमों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया, लेकिन निर्धारित समय तक कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी। मुकाबला 0-0 से बराबर रहा और दोनों टीमों को एक-एक अंक मिला।दूसरा मुकाबला मॉयल इलेवन बालाघाट और बिल्ड अप स्पोर्ट्स फाउंडेशन पन्ना के बीच हुआ। दोनों टीमों ने आक्रामक खेल दिखाते हुए एक-एक गोल किया। निर्धारित समय तक स्कोर 1-1 रहने से दोनों टीमों को एक-एक अंक से संतोष करना पड़ा। इस तरह बालाघाट, पन्ना, हैदराबाद और तमिलनाडु की टीमें अपने-अपने मुकाबलों के बाद एक-एक अंक पर रहीं।
आज असम और उकवा के बीच भिड़ंत
प्रतियोगिता में आज दर्शकों को दो और रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे। पहला मैच रगिया टाउन क्लब, रगिया (असम) और मॉयल बॉयज उकवा के बीच खेला जाएगा। वहीं दूसरे मुकाबले में आरकेएम नारायणपुर (छत्तीसगढ़) और नेशनल फुटबॉल क्लब महू, इंदौर की टीमें आमने-सामने होंगी।इन मुकाबलों को लेकर फुटबॉल प्रेमियों में उत्साह बना हुआ है।
विजेता को मिलेंगे 1.11 लाख रुपये
प्रतियोगिता में विजेता टीम को 1 लाख 11 हजार 111 रुपये नकद एवं विजेता ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। वहीं उपविजेता टीम को 55 हजार 555 रुपये और रनर-अप ट्रॉफी से सम्मानित किया जाएगा। प्रतियोगिता का शुभारंभ संरक्षक एवं अभिकर्ता-महाप्रबंधक उमाकांत भुजाडे के मार्गदर्शन में हुआ।उद्घाटन अवसर पर मुख्य अतिथि उकवा खान प्रबंधक निषाद निकोंसे, विशिष्ट अतिथि जयंत प्रधान, विवेक महाकालकर, सीआरपीएफ रुपझर के इंस्पेक्टर रूपेश कुमार और सर्व धर्म सेवा समिति के अध्यक्ष जेम्स बारिक उपस्थित रहे।मैचों में मुख्य निर्णायक के रूप में गोविंद परमार (इंदौर), कपिल पंद्रे (उकवा), शाहरुख खान (टीकमगढ़), विकास वडकडे, अंबुज गुप्ता (अनूपपुर), रोहित यादव एवं तरुण चक्रवर्ती ने भूमिका निभाई। आयोजन में विशेष अतिथि विशाल सालुंखे, संदीप मरकाम और ओमेंद्र बिसेन सहित तकनीकी समिति, चिकित्सा समिति, महिला व्यवस्था समिति एवं आयोजन से जुड़ी विभिन्न समितियों के सदस्यों का सहयोग रहा।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की कड़ी में रात को आर्केस्ट्रा एवं संबलपुरी-ओड़िया कार्यक्रम में साजन सोना ने रंगारंग प्रस्तुति दी। वहीं आज स्थानीय स्कूली बच्चों द्वारा नृत्य कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा। फुटबॉल मुकाबलों के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी उत्सव का आकर्षण बनी हुई हैं।










































