जन सुराज के संस्थापक और उम्मीदवार प्रशांत किशोर ने बांकीपुर उपचुनाव के लिए नीतीश कुमार की अपील वाले वीडियो को AI और FAKE बताया है। PK ने चौंकाने वाला दावा करते हुए कहा कि-हार के डर के AI वीडियो जारी किया गया है। उन्होंने कहा कि नीतीश बाबू ने ऐसा कुछ भी बयान नहीं दिया है, यह दिखाता है कि भाजपा कितना ज्यादा डरी हुई है।
उन्होंने आरोप लगाया कि वीडियो को AI की मदद से एडिट किया गया है और नीतीश कुमार ने ऐसा कोई बयान नहीं दिया।
‘अभी चुनाव से 2 दिन पहले हम लोग दावेदारी वापस ले लेंगे’
प्रशांत ने कहा भाजपा को चुनौती दे रहे हैं कि नीतीश बाबू ने अगर यह बोला है तो किसी भी पत्रकार के सामने नीतीश कुमार जी से वह बयान दिलवा दीजिए, अभी चुनाव से 2 दिन पहले हम लोग दावेदारी वापस ले लेंगे।
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर सियासी बयानबाजी तेज
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। जन सुराज के संस्थापक और उम्मीदवार प्रशांत किशोर ने NDA की ओर से जारी नीतीश कुमार के वीडियो को फेक बताया है। प्रशांत किशोर ने BJP को चुनौती देते हुए कहा कि अगर वीडियो असली साबित होता है तो वह अपनी उम्मीदवारी वापस लेने को तैयार हैं। उनके इस बयान के बाद बिहार की राजनीति में नया विवाद खड़ा हो गया है।
सम्राट चौधरी और नितिन नवीन ने रोड शो कर मांगे वोट
वहीं इससे पहले,बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार को जोरदार रोड शो किया। इसमें मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, सांसद रविशंकर प्रसाद समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। रोड शो के दौरान नितिन नवीन ने कहा कि वह अपने परिवार और बांकीपुर की जनता के बीच हैं, जिन्होंने पिछले 30-40 वर्षों से उन्हें और उनके परिवार को लगातार आशीर्वाद दिया है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस उपचुनाव में भाजपा की जीत तय है।
‘बांकीपुर की जनता एक बार फिर कमल खिलाने जा रही है’
वहीं, नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है और जनता का भरोसा एनडीए के साथ है। उन्होंने उम्मीद जताई कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार में डबल इंजन की सरकार और मजबूत होगी।वहीं, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बांकीपुर की जनता एक बार फिर कमल खिलाने जा रही है और उपचुनाव में भाजपा को भारी समर्थन मिलेगा। उन्होंने दावा किया कि क्षेत्र के मतदाता विकास और सुशासन के नाम पर एनडीए के साथ खड़े हैं।










































