रतलाम। नामली थाना क्षेत्र में सोमवार रात उस समय सनसनी फैल गई, जब बांगरोद और जड़वासा के बीच जंगल में एक विदेशी युवक लावारिस हालत में मिला। घने अंधेरे में पेड़ के नीचे अकेले बैठे युवक को देखकर ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। जानकारी के अनुसार, रात करीब 11 बजे ग्रामीणों ने बांगरोद रेलवे स्टेशन से लगभग आधा किलोमीटर दूर जंगल में युवक को देखा। सुनसान इलाके में विदेशी युवक के मिलने की खबर से मौके पर भीड़ जमा हो गई।
पुलिस की पूछताछ और वीजा बरामदगी
सूचना मिलते ही बांगरोद चौकी प्रभारी प्रदीप शर्मा टीम के साथ मौके पर पहुंचे और युवक को सुरक्षित नामली थाने लाया गया। पुलिस के अनुसार युवक की उम्र करीब 42 वर्ष है। प्रारंभिक पूछताछ में उसने खुद को ऑस्ट्रेलिया का निवासी बताया। उसके पास से वीजा भी बरामद हुआ, जिससे उसके विदेशी नागरिक होने की पुष्टि हुई, हालांकि वह अपना नाम स्पष्ट रूप से नहीं बता सका।










































