रामपायली थाना क्षेत्र में खेत की बाड़ी तोड़ने के विवाद में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता से मारपीट

0

दो महिला सहित तीन आरोपियों के विरुद्ध अपराध दर्ज

बालाघाट
रामपायली थाना क्षेत्र के ग्राम नवेगांव तीन में खेत में बाड़ी लगाने के विवाद को लेकर एक महिला के साथ बेरहमी से मारपीट का मामला सामने आया है। हमले में घायल 45 वर्षीय सुनीता पति नीलकमल दमाहे को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रामपायली पुलिस ने इस मामले में दो महिलाओं सहित तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नवेगांव तीन निवासी सुनीता दमाहे आंगनवाड़ी कार्यकर्ता हैं। उन्होंने अपने खेत में फसल सुरक्षा के लिए बाड़ी लगाई थी। 15 जून को दोपहर करीब 4:30 बजे खेत के पड़ोसी सुलोचना पटले, चम्मालाल पटले और डिलेश्वरी पटले सुनीता द्वारा लगाई गई बाड़ी को तोड़ रहे थे।सुनीता ने मौके पर पहुंचकर तीनों को बाड़ी तोड़ने से मना किया और पूछा कि तुम लोगों ने मेरे खेत की बाड़ी क्यों तोड़ दी सुनीता के यह कहते ही तीनों आवेश में आ गए। आरोप है कि तीनों ने सुनीता के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और फिर उसे जमीन पर पटककर हाथ-मुक्कों से पीटने लगे। मारपीट के दौरान आरोपियों ने सुनीता को बाड़ी हटाने से मना करने पर जान से मार डालने की धमकी दे दी। हमले में सुनीता के सिर और चेहरे पर चोटें आईं थी। बीच-बचाव के बाद घायल सुनीता अपने पति नीलकमल और बेटे प्रशांत दमाहे के साथ रामपायली थाने पहुंची और रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने पहले सुनीता का स्थानीय अस्पताल में इलाज और मुलाहिजा कराये। इसके बाद परिजन उसे जिला अस्पताल बालाघाट लाकर भर्ती किये। जहां उसका इलाज चल रहा है। रामपायली थाना पुलिस ने आरोपी सुलोचना पति सुखदेव पटले, चम्मालाल पिता नारायण पटले और डिलेश्वरी पिता सुखदेव पटले, सभी निवासी नवेगांव तीन के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपियों पर एक राय होकर अश्लील गालियां देने, मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here