तख्तापलट के बाद भरवेली पंचायत को मिली नई सरपंच

0



पदमेश न्यूज़, बालाघाट।जनपद पंचायत बालाघाट अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत भरवेली में सरपंच पद को लेकर चले राजनीतिक घटनाक्रम के बाद आखिरकार पंचायत को नया नेतृत्व मिल गया है। बुधवार को आयोजित विशेष सम्मेलन में श्रीमती उर्मिला मालेश को सर्वसम्मति से ग्राम पंचायत भरवेली का नया सरपंच निर्वाचित घोषित किया गया। खास बात यह रही कि सरपंच पद के लिए केवल उर्मिला मालेश का ही नाम सामने आया,जिस पर पंचायत के सभी 20 पंचों ने सहमति जताई और उन्हें निर्विरोध सरपंच चुन लिया गया।निर्वाचन की यह पूरी प्रक्रिया जनपद पंचायत समन्वयक अधिकारी श्रीवास्तरी नेतृत्व में संपन्न हुई। इस दौरान पीसीओ और सचिव दिलीप मोहबे सहित पंचायत के अन्य कर्मचारी भी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

18-1 से सरपंच गीता अनिल बिसेन की गई थी कुर्सी
ज्ञात हो कि 4 जून को हुए अविश्वास प्रस्ताव में तत्कालीन सरपंच गीता अनिल बिसेन को पद से हटा दिया गया था। अविश्वास प्रस्ताव के पक्ष में 18 वोट पड़े थे, जबकि गीता बिसेन को केवल अपना ही वोट मिला था। इसके बाद से पंचायत में नए सरपंच के चयन को लेकर चर्चाओं का दौर जारी था। अंततः सभी पंचों ने एकमत होकर उर्मिला मालेश के नाम पर सहमति जताई।

अविश्वास प्रस्ताव के बाद बदला पंचायत का नेतृत्व
ज्ञात हो कि भरवेली पंचायत में बीते कुछ समय से सरपंच और पंचों के बीच मतभेद की स्थिति बनी हुई थी। इसी के चलते 4 जून को अविश्वास प्रस्ताव लाया गया था, जिसमें तत्कालीन सरपंच गीता बिसेन बहुमत साबित नहीं कर सकीं और उन्हें पद से हटना पड़ा। इसके बाद रिक्त हुए पद पर नए सरपंच के निर्वाचन की प्रक्रिया शुरू की गई, जिसका समापन उर्मिला मालेश के निर्विरोध निर्वाचन के साथ हुआ।अब ग्रामीणों की निगाहें नई पंचायत नेतृत्व पर टिकी हैं और उम्मीद की जा रही है कि पंचायत में रुके हुए विकास कार्यों को गति मिलेगी तथा जनहित के मुद्दों का समाधान प्राथमिकता से किया जाएगा।

विजय रैली में दिखा उत्सव जैसा माहौल
सरपंच पद पर निर्विरोध निर्वाचन की घोषणा होते ही भरवेली में उत्सव जैसा माहौल बन गया। पंचायत भवन के बाहर समर्थकों ने आतिशबाजी कर खुशी जाहिर की और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी।इसके बाद नवनिर्वाचित सरपंच उर्मिला मालेश के नेतृत्व में गांव में विजय रैली निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण, पंच एवं समर्थक शामिल हुए।रैली के दौरान लोगों ने नई सरपंच के समर्थन में नारे लगाए और पंचायत में विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद जताई।

विकास कार्यों को मिलेगी गति- उर्मिला मालेश
निर्विरोध सरपंच चुने जाने के बाद उर्मिला मालेश ने पंचायत के सभी पंचों और ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया। चर्चा के दौरान उन्होंने बताया कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका निर्वहन पूरी ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ किया जाएगा। गांव के अधूरे विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाएगा तथा शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।उन्होंने कहा कि पंचायत में सभी पंचों को साथ लेकर विकास की नई दिशा तय की जाएगी और ग्रामीणों की समस्याओं का निराकरण प्राथमिकता से किया जाएगा।

मायल प्रबन्धक से हो चुकी है चर्चा, मिलेगा भरपूर सहयोग-अमीन खान
वार्ड नं 10 पंच अमीन खान ने बताया कि हमारी प्राथमिकता विकाश कार्यो की है।बरसात को देखते हुए साफ सफाई, पानी निकासी की व्यवस्था बनाई जाएगी।अभी हमारा पूरा फोकस व्यवस्थाओं को बनाने में है।विकाश कार्यो के लिए मायल प्रबन्धक से बात हो चुकी है।उन्होंने विकाश कार्यो के लिए भरपूर सहयोग देने की बात कही है।

पूर्व कार्यकाल का होगा हिसाब-किताब- मालती शाहू
नवनिर्वाचित सरपंच के समर्थन में मौजूद पंच मालती शाहू ने बताया कि पंचायत में हुए कार्यों और खर्चों की पूरी समीक्षा की जाएगी। पूर्व सरपंच श्रीमती गीता अनिल बिसेन के कार्यकाल में हुए प्रत्येक कार्य का लेखा-जोखा जांच कर प्रत्येक काम का हिसाब लिया जाएगा। यदि कहीं भी अनियमितता व भृष्टाचार पाया जाता है तो नियमानुसार कार्रवाई के लिए संबंधित विभाग को अवगत कराया जाएगा।उन्होंने आगे बताया कि पंचायत की जनता ने बदलाव के लिए जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरना नई टीम की जिम्मेदारी है।

सभी 20 पंच,सरपंच है,1 साल के भीतर बदलेगी भरवेली की तस्वीर-राजेश बाहेश्वर
उपसरपंच राजेश बाहेश्वर ने बताया कि आज नई सरपंच का चुनाव कर लिया गया है, सभी 20 पंचों ने श्रीमती उर्मिला मालिश को अपना समर्थन दिया है सभी वार्डो का संपूर्ण विकास किया जाएगा जो मूलभूत सुविधाओं से ग्रामीण वंचित थे उन्हें मूलभूत सुविधाएं प्रदान की जाएगी। अब एक सरपंच नहीं बल्कि सभी 20 पंच, इस गांव के सरपंच हैं गांव का संपूर्ण विकास होगा और 1 वर्ष के भीतर भरवेली की तस्वीर बदली हुई नजर आएगी।
00000000000000000000000000000000

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here