ग्रामीणों ने की ऑपरेटर के खिलाफ कार्यवाही की मांग
पदमेश न्यूज/ लालबर्रा /नगर मुख्यालय स्थित उप डाकघर (पोस्ट ऑफिस) में आधार कार्ड अपडेट कराने के नाम पर हितग्राहियों से अवैध वसूली का एक गंभीर मामला प्रकाश में आया है। शासन के नियमों को ताक पर रखकर बच्चों के निःशुल्क आधार कार्ड बनाने के बदले भी अवैध रूप से रुपयों की मांग की जा रही थी। मामला उजागर होने और मीडिया की सक्रियता के बाद डरे हुए ऑपरेटर ने हितग्राही के पैसे तो वापस कर दिए/लेकिन इस घटना ने पोस्ट ऑफिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। दूर-दराज से आये ग्रामीणों और पीड़ितों ने दोषी ऑपरेटर पर सख्त कार्यवाही की मांग की है।
क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, केवाटोला (कंजई) निवासी कुमारी चारवी पिता राजेश ठकरेले गुरुवार की सुबह करीब 11 बजे अपना आधार कार्ड अपडेट कराने लालबर्रा पोस्ट ऑफिस पहुंची थीं। टोकन नंबर 23 पर उनके आधार अपडेशन का कार्य किया गया। कार्य पूरा होने के बाद काउंटर पर मौजूद कंप्यूटर ऑपरेटर राहुल जामरे द्वारा अपडेशन शुल्क के रूप में अवैध रूप से 125 रुपये की मांग की गई। वही आवेदिका के पिता के पास चिल्लर न होने के कारण उन्होंने ऑपरेटर को 130 रुपये दिए। इस पर ऑपरेटर ने 5 रुपये वापस करने के बजाय केवल 10 रुपये लौटाए। ऑपरेटर के इस अजीब और संदेहास्पद व्यवहार से आशंकित होकर आवेदिका के पिता सीधे उप डाकपाल अधिकारी के पास पहुंचे और नियमों की जानकारी ली।
शिकायत पर मंचा हड़कंप, ऑपरेटर ने मानी गलती
जैसे ही पीड़ित ने उप डाकपाल से इस संबंध में पूछताछ और शिकायत की, डाकघर परिसर में हड़कंप मच गया। मामले की जांच में शिकायत पूरी तरह सही पाई गई, जिसके बाद उप डाकपाल अधिकारी ने कंप्यूटर ऑपरेटर को कड़ी फटकार लगाई। खुद को घिरता देख ऑपरेटर राहुल जामरे ने अपनी गलती स्वीकार की और आवेदिका के पिता को तत्काल 120 रुपये वापस कर दिए।
नियमों की धज्जियां: रसीद पर ‘निःशुल्क’ फिर भी वसूली
बताया जा रहा है कि गुरुवार की सुबह क्षेत्र के कई अभिभावक अपने बच्चों का आधार कार्ड बनवाने आये थे। नियमानुसार, 5 वर्ष से कम उम्र के बच्चों का नया आधार कार्ड पूरी तरह निःशुल्क बनता है और सिस्टम से निकलने वाली रसीद पर भी शून्य या निःशुल्क लिखा होता है। इसके बावजूद कंप्यूटर ऑपरेटर हितग्राहियों से अवैध राशि वसूल रहा था। जब कुछ ग्रामीणों ने राशि लेने का विरोध किया, तो ऑपरेटर द्वारा उनके साथ अभद्र व्यवहार भी किया गया।
बड़े गोलमाल की आशंका, रोजाना 50 से अधिक अपडेशन
इस पूरे घटनाक्रम ने डाकघर प्रबंधन को कटघरे में खड़ा कर दिया है। लालबर्रा पोस्ट ऑफिस में रोजाना औसतन 50 से अधिक आधार कार्ड अपडेट और नये बनाये जाते हैं। जागरूक नागरिकों और मीडिया की सक्रियता से यह मामला तो उजागर हो गया, लेकिन अंदेशा जताया जा रहा है कि रोजाना सीधे-साधे और अनपढ़ ग्रामीणों से आधार के नाम पर मोटी रकम की अवैध वसूली कर बड़ा गोलमाल किया जा रहा है। अब देखना यह है कि डाक विभाग के उच्च अधिकारी ऐसे लापरवाह और भ्रष्ट कर्मियों पर क्या ठोस और दंडात्मक कार्यवाही करते हैं, ताकि भविष्य में गरीब ग्रामीणों को इस तरह की लूट का शिकार न होना पड़े।
बाईट वर्षा वरकड़े उप डाकपाल – लालबर्रा /










































