US Spy Operations China Russia: अमेरिकी मध्यावधि चुनावों से ठीक पहले आयोवा में रैली के दौरान डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिका, चीन और रूस के खिलाफ उनसे कहीं बेहतर खुफिया ऑपरेशन चलाता है।Donald Trump Iowa Rally 2026: अमेरिका में होने वाले महत्वपूर्ण मध्यावधि चुनावों (US Midterm Elections) से ठीक पहले रिपब्लिकन उम्मीदवारों के समर्थन में प्रचार करने आयोवा पहुंचे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने खुफिया ऑपरेशनों को लेकर बड़ा दावा किया है। ट्रंप ने कहा कि वाशिंगटन न केवल चीन और रूस की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखता है, बल्कि अमेरिका अपने विरोधियों के खिलाफ जासूसी करने में उनसे कहीं अधिक बेहतर है।
आयोवा में आयोजित रिपब्लिकन कैंडिडेट रैली को संबोधित करते हुए ट्रंप ने रैली के दौरान साझा किया कि जब उनसे चीन और रूस की जासूसी गतिविधियों को लेकर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने जनता को आश्वासन दिया कि घबराने की कोई बात नहीं है।
‘चिंता मत करो, हम उनसे बेहतर स्पाइंग करते हैं’
रैली को संबोधित करते हुए ट्रंप ने अपने अंदाज में कहा, ‘किसी ने मुझसे कहा, ‘सर, चीन हमारी जासूसी कर रहा है।’ मैंने कहा, ‘हां, और हम भी उनकी जासूसी कर रहे हैं। चिंता मत करो।’ फिर उन्होंने कहा, ‘यह बहुत भयानक है! चीन! रूस! वे हम पर नजर रख रहे हैं सर!’ मैंने जवाब दिया, ‘यह सच है। लेकिन हम भी उनके खिलाफ ऐसा ही कर रहे हैं, और हम यह काम उनसे कहीं बेहतर तरीके से करते हैं, इसलिए बिल्कुल चिंता मत कीजिए।’अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर चीनी जासूसी और 30 महीने की सजा
ट्रंप का यह बयान ऐसे समय में आया है जब अमेरिकी न्याय विभाग (DoJ) और FBI द्वारा चीनी खुफिया ऑपरेशनों के खिलाफ कई बड़ी कार्रवाइयां की गई हैं।
2 चीनी नागरिकों को सजा: 30 अक्टूबर को अमेरिकी न्याय विभाग ने दो चीनी नागरिकों-लीरेन ‘रायन’ लाई (40) और युआंसे चेन (39) को बिना पूर्व सूचना के चीनी सरकार के एजेंट के रूप में काम करने की साजिश के तहत 30 महीने जेल की सजा सुनाई।
MSS के इशारे पर काम: DoJ के मुताबिक, दोनों आरोपी चीन के राज्य सुरक्षा मंत्रालय (Ministry of State Security – MSS) के निर्देशों पर काम कर रहे थे। वे अमेरिकी सेना और नौसेना के कर्मियों की गोपनीय जानकारियां हासिल करने और उनकी भर्ती के लिए गुप्त रूप से वित्तीय लेन-देन में लगे हुए थे।
गुप्त भुगतान और तस्वीरें: जांच में सामने आया कि जनवरी 2022 में कैलिफोर्निया के लिवरमोर में लगभग $10,000 का गुप्त नकद भुगतान किया गया था। आरोपियों ने कैलिफोर्निया, वाशिंगटन और अन्य राज्यों में अमेरिकी नौसेना सुविधाओं, सैन्य भर्ती केंद्रों और कर्मियों की संवेदनशील तस्वीरें और व्यक्तिगत विवरण एकत्र किए थे।
FBI की कार्रवाई: FBI ने एक गहन काउंटर-इंटेलिजेंस जांच के बाद जून 2025 में इन दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया था।










































