सीएम धामी ने कहा, संगठन के प्रदेश से लेकर जिला, मंडल, शक्ति केंद्र, बूथ और पन्ना प्रमुख स्तर तक के लाखों कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर पार्टी का संदेश पहुंचाएंगे।
CM Dhami: विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही भाजपा ने प्रदेश में तीसरी बार सरकार बनाने के लिए संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दावा किया कि वर्ष 2027 में भाजपा बड़े बहुमत के साथ लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर से जुटे कार्यकर्ता यहां से हैट्रिक का विकल्प नहीं, बल्कि संकल्प लेकर लौटेंगे। संगठन के प्रदेश से लेकर जिला, मंडल, शक्ति केंद्र, बूथ और पन्ना प्रमुख स्तर तक के लाखों कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर पार्टी का संदेश पहुंचाएंगे। यह बातें उन्होंने दूसरे दिन कार्य समिति का उद्घाटन सत्र से पहले मीडिया को संबोधित करते हुए गई।
365 दिन लगातार सक्रिय रहता है संगठन- सीएम धामी
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा का संगठन साल के 365 दिन लगातार सक्रिय रहता है। पूरे वर्ष संगठन की गतिविधियां चलती रहती हैं। ऐसे में प्रदेशभर के कार्यकर्ताओं का एक साथ जुटना महत्वपूर्ण है। सभी कार्यकर्ता यहां से संकल्प लेकर जाएंगे और लाखों कार्यकर्ताओं की टीम के साथ जन-जन तक पहुंचकर पार्टी की नीतियों और सरकार के विकास कार्यों का संदेश देंगे।
उन्होंने कहा कि आज रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन मिलेगा। राजनाथ सिंह को संगठन, राजनीति, समाज और प्रशासन के क्षेत्र में दीर्घकालिक अनुभव है। उनका संबोधन निश्चित रूप से कार्यकर्ताओं में नया जोश और उत्साह भरने का काम करेगा। धामी ने कहा कि इस बार भाजपा प्रदेश की 70 विधानसभा सीटों में से सबसे बड़ी जीत दर्ज करेगी और प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश स्तर से लेकर बूथ और पन्ना प्रमुख तक संगठन की मजबूत टीम है। सभी कार्यकर्ता प्राण-पण से तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाने के लिए जुटेंगे। प्रदेश में विकास की जो गंगा आगे बढ़ी है, उसे और तेज गति से प्रवाहित करने में कार्यकर्ता अपना योगदान देंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2027 में उत्तराखंड में फिर भाजपा की सरकार बनेगी।









































