वारासिवनी(पद्मेश न्यूज)। वारासिवनी जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत मंगेझरी की बस्ती में पानी की किल्लत बनी हुई है। जहां नल जल योजना का सफल संचालन नही होने से ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। जिनके द्वारा पानी की प्राप्ति के लिए विभिन्न स्रोत के चक्कर लगाए जा रहे हैं। जिसमें उन्हें अधिक दूरी तय करनी पड़ रही है तो वहीं पानी भी पर्याप्त प्राप्त नही हो पा रहा है। यह बस्ती के विभिन्न स्थानों पर समस्या बनी हुई है जहां मुश्किल से दो से तीन वार्डों को छोडक़र अन्य वार्डो में थोड़ा बहुत पानी प्राप्त हो रहा है। जो पर्याप्त नहीं है तो वहीं बाकी के नल हवा फेंक रहे हैं जहां ग्रामीण नल जल योजना को लेकर काफ ी परेशान है। जिनके द्वारा विभाग से योजना में आ रही समस्या का समाधान करने की मांग की जा रही है।
७ वार्डों में से ३ वार्डों में ही मिल रहा पानी
ग्राम पंचायत मंगेझरी एक बड़ी पंचायत है जो विभिन्न टोलो में बटी हुई है। जिसकी बस्ती में वार्ड नंबर ११ से १७ तक ७ वार्ड स्थित है। जहां पर पीने के शुद्ध पानी की समस्या बनी हुई थी जिसको देखते हुए जल जीवन मिशन के तहत लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग वारासिवनी के माध्यम से नल जल योजना स्वीकृत करवाई गई थी। जिसकी पानी की टंकी का निर्माण किया गया वहीं पूरे ग्राम में नल जल योजना की पाइप लाइन का भी विस्तार कर दिया गया। परंतु ग्राम के वार्ड नंबर ११,१२ एवं १३ में लोगों को नल जल योजना के माध्यम से पानी उपलब्ध हो पा रहा है । वहीं वार्ड नंबर १४,१५,१६,१७ में कई लोगों को पानी नहीं मिल रहा है कुछ लोगों को पानी मिल भी रहा है तो पर्याप्त नहीं है। एक से दो बाल्टी पानी ही नल जल योजना में मिल पा रहा है। ऐसे में उक्त वार्ड वासियों को हैंडपंप या कुएं से २०० मीटर की दूरी तय कर पानी लाना पड़ रहा है। जहां पर हैंडपंप की स्थिति भी खराब होने लगी है जल स्तर भी नीचे जा रहा है । उक्त समस्या को लेकर कई बार ग्रामीणों के द्वारा ग्राम सरपंच एवं पीएचई विभाग को शिकायत की गई है। किंतु किसी के द्वारा उक्त समस्या पर संज्ञान नहीं दिया गया है जिसके कारण स्थिति यथावत बनी हुई है । जहां ग्रामीणों के द्वारा नल जल योजना से पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने की मांग की जा रही है।
नाम मात्र की ग्राम में नल जल योजना बनी है जिससे सभी परेशान है-विजय नेवारे
पंच विजय नेवारे ने बताया कि पानी की टंकी यहां पर बनी हुई है पर पानी सभी को नहीं मिल पाता है। आधे लोगों को पानी मिलता है आधे लोगों को नहीं मिलता है पानी की प्रमुख समस्या बनी हुई है। अभी गर्मी आने वाली है तो यह समस्या और बढ़ेगी पानी की जरूरत हर किसी को है। इसमें एक समस्या है कि वाटर लेवल अब नीचे जा रहा है ऐसे में सभी लोग इधर उधर से पानी लाकर पूर्ति कर रहे हैं। ग्राम के जो हैंडपंप और कुंए बने हैं वहां से पानी लाते हैं जिसके लिए २०० मीटर दूर जाना पड़ता है। यह जो नल जल योजना बनी है ऐसा लगता है कि नाम मात्र की है।
४ दिन पानी फिर नल जल योजना बंद रहती है-देवेन्द्र चौहान
ग्रामीण देवेंद्र चौहान ने बताया की मंगेझरी में पानी की टंकी बनी हुई है जिससे कुछ वार्डों में पानी आता है कुछ वार्डों में नहीं आता है। पाइप लाईन तो सभी जगह डाल दी गई है और १ वर्ष से अधिक का समय हो गया है यह नल जल योजना प्रारंभ हुई है। जिसे पंचायत में हैंडोवर कर ली है हमारे द्वारा उस समय की बात पंचायत में रखी गई थी तो बताया गया कि ठेकेदार ने कहा है कि बचा हुआ काम वह पूरा करके देगा इसीलिए हमने हैंडोवर लिए है। परंतु आज भी काम पूरा नहीं हुआ है चार दिन पानी मिलता है ८ दिन बंद रहती है इस प्रकार योजना बनी हुई है।
ग्राम में पानी की स्थिति खराब है-रोशन लाल पटले
ग्रामीण रोशन लाल पटले ने बताया कि हमारे यहां जो नल जल योजना बनी हुई है वह बराबर नहीं है। कभी पानी मिलता है कभी पानी नहीं मिलता है हमारे वार्ड में तो एक भी हैंडपंप नहीं है। जिस कारण से हम कुएं से पानी लाते हैं परंतु दूसरे मोहल्ले में हैंडपंप है जहां उनकी स्थिति खराब है। किसी से अच्छा पानी तो किसी से खराब पानी निकल रहा है हर कोई को पानी की समस्या है। गर्मी लगातार बढ़ रही है ग्रामीण क्षेत्र होने से घरों में मवेशियों को भी खूब पानी लगता है ऐसे में काफ ी दिक्कत हर किसी को बनी हुई है हम चाहते हैं कि सभी को पर्याप्त पानी मिले।
इनका कहना है
दूरभाष पर चर्चा में बताया कि बस्ती में नल जल योजना का संचालन करने वाले व्यक्ति के कारण यह समस्या बन रही है। जिसे पूर्व में भी समझाइस दी जा चुकी है वहीं जल स्तर भी नीचे जा रहा है जिस कारण से टंकी बराबर भर नहीं पाती है। यदि ऐसी समस्या है तो समाधान कर सभी को पानी पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।










































