पद्मेश न्यूज। वारासिवनी। वारासिवनी खैरलांजी मार्ग पर स्थित ग्राम नवेगांव (ख) में मंगलवार शाम एक दर्दनाक सडक़ हादसा हो गया। एक सफेद रंग की अर्टिका कार और मोटरसाइकिल के बीच हुई सीधी भिड़ंत में एक युवक कमल पोवारे की जान चली गई। जबकि उसका साथी नंदू कुंभलवार गंभीर रूप से घायल है जिसका उपचार जारी है। मामले में खैरलाँजी पुलिस के द्वारा शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सुपुर्द कर मामले में मर्ग कायम कर जांच प्रारंभ कर दी गई है।
यह हैं मामला
जानकारी के अनुसार कमल पिता ईश्वरीलाल पोवारे उम्र २८ वर्ष नवेगाव निवासी अपने साथी नंदू कुंभलवार के साथ मोटरसाइकिल से कहीं घूमने के लिए गया हुआ था। जो वापस वारासिवनी खैरलांजी मार्ग पर ग्राम नवेगांव में बाइक पर सवार था। शाम करीब ६.३० बजे ग्रामीण कोटा बैंक के सामने मुख्य मार्ग पर उनकी बाइक को अर्टिका कार तेज रफ्तार से आई और मोटरसाइकिल को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों सवार युवक सडक़ पर लहूलुहान होकर गिर पड़े। इसी दौरान मृतक का चचेरा भाई अजय कुम्हारे जो अपनी ममेरी बहन की शादी का सामान लेकर लौट रहा था मौके पर पहुँचा। उसने भीड़ देखकर जब पास जाकर देखा तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई सडक़ पर तड़पने वाले लोग उसके अपने ही भाई और परिचित थे। हादसे के तुरंत बाद १०८ एम्बुलेंस की मदद से घायलों को खैरलांजी सरकारी अस्पताल ले जाया गया। वहाँ से उन्हें जिला अस्पताल बालाघाट और फि र बेहतर इलाज के लिए निजी अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने कमल पोवारे की हालत अत्यंत नाजुक देखते हुए उसे महाराष्ट्र के भंडारा रेफ र कर दिया। परिजन उसे लेकर भंडारा जा ही रहे थे कि ग्राम सोनझरा के पास कमल के शरीर ने हलचल बंद कर दी। उसे तत्काल खैरलांजी अस्पताल लाया गया जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना में दूसरे सवार नंदू कुंभलवार को गंभीर चोटें आई हैं उनका उपचार जारी है। मृतक की अस्पताल तहरीर पर खैरलांजी पुलिस ने प्रार्थी अजय कुम्हारे की शिकायत पर मर्ग कायम कर आवश्यक पंचनामा कार्यवाही करने के उपरांत शव का परीक्षण कर पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया वहीं मामले को मार्ग जांच में लिया है।
भंडारा जाते समय रास्ते में मेरे भाई की मौत हो गई – अजय कुम्हारे
भाई अजय कुम्हारे ने पुलिस को बताया की मैं ग्राम नवेगांव के वार्ड नंबर ११ में रहता हूं और मजदूरी का कार्य करता हूं। मैं अपने मामा की लडक़ी की शादी के लिए सामान खरीदने गया था वापस में देखा तो रोड पर भीड़ लगी हुई थी। जब वहां जाकर देखा तो मेरा काका भाई कमल पोवारे गंभीर रूप से घायल पड़ा हुआ था और उसके साथ नंदू कुंभलवार भी बेहोश था। मौके पर मेरे द्वारा १०८ के माध्यम से उन्हें खैरलांजी अस्पताल लाया गया जहां से बालाघाट और बालाघाट से भंडारा रेफ र कर दिया गया। परंतु रास्ते में मेरे भाई की मौत हो गई यह हमें उस समय समझ आया जब कमल ने प्रतिक्रिया देना बंद कर दिया।
इनका कहना हैं
घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल में शव का परीक्षण कर पोस्टमार्टम करने के उपरांत शव परिजनों को दे दिया गया है। मामले में मर्ग कायम कर ली गई है जिसमें जांच की जा रही है। यह दुर्घटना अज्ञात वाहन से होना बताया जा रहा है जिसकी पतासाजी की जा रही है।









































