तालाब में डूबने से दो मासूम बच्चियों की दर्दनाक मौत, गांव में पसरा मातम

0

पद्मेश न्यूज। लालबर्रा। लालबर्रा थानांतर्गत ग्राम पंचायत बहेगांव में गुरूवार दोपहर एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां मोक्षधाम के समीप स्थित बगदेही तालाब के गहरे पानी में डूबने से दो मासूम बच्चियों की अकाल मृत्यु हो गई। इस हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं पुलिस ने घटना स्थल से शव बरामद कर पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया है एवं मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

५ वर्षीय बच्ची ने दी सूचना

प्राप्त जानकारी के अनुसार बहेगांव निवासी इंदल यादव अपनी पत्नि के साथ नागपुर कमाने गया हुआ है जिनकी १२ वर्षीय बेटी प्रिंसी यादव अपनी दादी के साथ गांव में रहती है। साथ ही १० वर्षीय प्रतिभा यादव के माता-पिता भी मजदूरी कार्य करते है। गुरूवार को १० वर्षीय प्रतिभा यादव और १२ वर्षीय प्रिंसी यादव, एक अन्य ५ वर्षीय बच्ची के साथ दोपहर में गांव के पास स्थित मोक्षधाम तालाब की ओर गई थी और खेलते-खेलते वे तालाब के किनारे पहुंच गई जहां बने एक गहरे गड्डे में अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और दोनों गहरे पानी में समा गई। वहीं घटना की चश्मदीद ५ वर्षीय बच्ची घबराकर गांव की ओर दौड़ लगाई और ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी एवं तालाब में दो बच्चियों के डुबने की जानकारी लगते ही गांव में हडक़प मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन पहुंचे। जिसके बाद मछुआरों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद दोनों बच्चियों को तालाब से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी सांस थम चुकी थी। जिसके बाद उसके परिजनों एवं पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। वहीं पुलिस को बहेगांव के बगदेही तालाब में डूबने से दो मासूम बच्चियों की मौत हो जाने की जानकारी लगने के बाद थाना प्रभारी के निर्देश पर सहायक उपनिरीक्षक विजय बिसेन पुलिस बल के साथ घटना स्थल पहुंचकर शव बरामद किया एवं पोस्टमार्टम के लिए लालबर्रा अस्पताल लाया गया। जहां चिकित्सक के द्वारा दो बच्चियों का पोस्टमार्टम कर उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।

दादी के पास रहकर पढ़ाई कर रही थी प्रिंसी

बताया जा रहा है कि दोनों ही बच्चियां गरीब परिवार से ताल्लुक रखती हैं। प्रतिभा के माता-पिता मजदूरी कर अपना जीवन यापन करते हैं। जबकि प्रिंसी यादव के माता-पिता नागपुर में मजदूरी के लिए गये हुए हैं। प्रिंसी अपनी दादी के साथ गांव में रह रही थी। गुरूवार को दोपहर में तीन बच्चियां गांव के समीप मोक्षधाम स्थित तालाब की ओर घुमने गये होगें तभी तालाब की ओर जाते समय अनियंत्रित होने से दो बच्चियां गहरे गड्डे में गिर जाने एवं पानी में डुबे रहने से उनकी मौत होने की संभावना व्यक्त की जा रही है। इस हृदयविदारक हादसे ने पूरे गांव को गहरे सदमे में डाल दिया है। हर आंख नम है और हर दिल में बस एक ही सवाल है-आखिर ये मासूम जिंदगियां इतनी जल्दी क्यों छिन गईं। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here