वारासिवनी। वारासिवनी थाना अंतर्गत ग्राम वारा रेलवे क्रॉसिंग के पास रविवार-सोमवार की दरमियानी रात एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहाँ वारासिवनी से बालाघाट की ओर जा रही पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आने से 26 वर्षीय एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद से क्षेत्र में शोक का माहौल है वहीं पुलिस इस मामले की बारीकी से जांच कर रही है कि यह महज एक हादसा था या फिर आत्महत्या।
पोल नंबर 1059/9 के पास हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान अमित पिता सुरेश बाहेश्वर 26 वर्ष निवासी वार्ड नंबर 16 वारा टोला ग्राम वारा के रूप में हुई है। घटना 3 मई की रात करीब 11:00 बजे की है। बताया जा रहा है कि जब पैसेंजर ट्रेन वारासिवनी से बालाघाट की ओर बढ़ रही थी तभी रेलवे पोल नंबर 1059/9 के पास अमित ट्रेन की चपेट में आ गया।
ट्रेन के पायलट को किसी वस्तु से टकराने का आभास हुआ जिसके बाद अचानक ट्रेन रोक दी गई। जब पायलट ने नीचे उतरकर देखा तो इंजन के नीचे एक युवक का शव क्षत-विक्षत हालत में फंसा हुआ था। ट्रेन रुकते ही आसपास के ग्रामीण और राहगीर भी मौके पर जमा हो गए। काफी मशक्कत के बाद युवक की शिनाख्त अमित के रूप में की गई और तत्काल परिजनों व वारासिवनी पुलिस को सूचित किया गया।
पुलिस कार्यवाही और अनसुलझे सवाल
सूचना मिलते ही वारासिवनी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया। रात अधिक होने के कारण शव को सुरक्षित सिविल अस्पताल के शव विच्छेदन गृह मर्चुरी में रखवाया गया। सोमवार को पुलिस ने पंचनामा कार्यवाही के बाद शव का पोस्टमार्टम कराकर अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि अमित रेलवे ट्रैक पर कैसे पहुँचा। क्या वह पटरी पार करते समय अंधेरे के कारण ट्रेन की चपेट में आया या उसने जानबूझकर मौत को गले लगाया फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और परिजनों सहित प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
सब्जी लेने निकला था अमित – आनंद बाहेश्वर
मृतक के भाई आनंद बाहेश्वर ने बताया कि अमित रात में सब्जी लेने के लिए घर से निकला था। मैं परिवार के अन्य सदस्य एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जल्दी निकल गया था जबकि अमित घर पर ही था। जब वह देर रात तक वापस नहीं लौटा और इसी बीच दुर्घटना की खबर मिली परिजन आनन-फानन में घटनास्थल पर पहुंचे। मौके पर पहचान की गई मैं विवाह कार्यक्रम में ही था जहां मुझे घटना की जानकारी लगी तो अभी हम यहां पर आए हुए हैं पुलिस अपनी कार्यवाही कर रही है। घटना का कारण हमें लग रहा है कि अचानक रेलवे ट्रैक क्रॉस करते हुए या हादसा हो गया है।










































