बालाघाट।
एक मां ने बेटे को जन्म देने के महज 10 दिन बाद जिंदगी की जंग हार गई। प्रसव के बाद लगातार बिगड़ती तबीयत के चलते जिला अस्पताल में भर्ती महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई। वहीं नवजात बेटे के सिर से मां का साया उठ गया।मृतिका सुनिला पति प्रेम सिंह मरकाम 31 वर्ष ग्राम बाहीटोला टिंगीपुर, थाना मलाजखंड निवासी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सुनिला का मायका हीरापुर गढ़ी में है। करीब 9 वर्ष पहले सुनिला और प्रेम सिंह मजदूरी करने हैदराबाद गए थे। वहीं दोनों के बीच प्रेम हुआ और बाद में उन्होंने शादी कर ली। शादी के बाद दोनों हैदराबाद में रहकर मजदूरी कर अपना जीवन यापन कर रहे थे।बताया गया कि शादी के करीब 8 साल बाद सुनिला गर्भवती हुई थी। परिवार में बच्चे के आने की खुशी थी। लगभग 10 दिन पहले सुनिला ने एक बेटे को जन्म दिया। प्रसव उसी कमरे में हुआ था जहां दोनों पति-पत्नी रह रहे थे। बेटे के जन्म के बाद परिवार में खुशियों का माहौल था।लेकिन यह खुशी ज्यादा दिन टिक नहीं सकी।प्रसव के पांच दिन बाद ही सुनिला के पेट में तेज दर्द शुरू हो गया और शरीर में सूजन आने लगी। हालत बिगड़ने पर पति प्रेम सिंह उसे लेकर अपने गांव लेकर आया और बिरसा अस्पताल में भर्ती किया गया था।14 मई को तबीयत ज्यादा खराब होने पर डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल बालाघाट रेफर कर दिये। यहां पहले उसे ट्रॉमा सेंटर में भर्ती किया गया।लेकिन हालत गंभीर होने पर एचडीयू में शिफ्ट किये थे। जहां उपचार के दौरान 15 मई को दोपहर करीब 12:30 बजे उसकी मौत हो गई। जिस घर में कुछ दिन पहले बच्चे के जन्म की खुशियां मनाई जा रही थीं। वहां अब मातम पसरा हुआ है। मां की ममता से अनजान नवजात अब बिना मां के जीवन शुरू करेगा। जिला अस्पताल पुलिस ने इस महिला का शव पोस्टमार्टम करवा कर उसके परिजनों को सौंप दिया है आगे की कार्रवाई की जा रही है।










































