बालाघाट/
परसवाड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पोंडी से मंडला रोड पर स्थित ग्राम धुर्वा के पास शुक्रवार को एक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। तेज रफ्तार मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकरा गई जिससे युवक को गंभीर चोटें आईं। घायल युवक विशाल पिता आत्माराम गेडाम 30 ग्राम पोंडी थाना परसवाड़ा निवासी बताया गया है। जिसका इलाज जिला अस्पताल बालाघाट मे किया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार विशाल परसवाड़ा कॉलेज में बीए द्वितीय वर्ष का छात्र है। उसके माता-पिता खेती-किसानी करते हैं। परिवार में वह माता-पिता का इकलौता बेटा है। जबकि उसकी दोनों बहनों की शादी हो चुकी है। जानकारी के अनुसार 19 जून को दोपहर करीब 12 बजे विशाल अपनी मोटरसाइकिल से ग्राम पोंडी से ग्राम कनई स्थित रिश्तेदार के घर जा रहा था। इसी दौरान ग्राम धुर्वा के पास उसकी मोटरसाइकिल तेज रफ्तार में होने से अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पेड़ से जा भिड़ी।हादसा इतना जबरदस्त था कि विशाल गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल परसवाड़ा अस्पताल पहुंचाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल बालाघाट रेफर कर दिया गया।फिलहाल जिला अस्पताल में उसका उपचार जारी है।










































