बीजिंग: चीन ने पहली बार DF-17 मिसाइल का वीडियो जारी किया है। DF-17 मिसाइल का लॉन्च वीडियो चीन के सरकारी प्रसारक सीसीटीवी ने दिखाया है। इसे कैरियर किलर मिसाइल के नाम से भी जाना जाता है। DF-17 मिसाइल को अमेरिकी एयरक्राफ्ट कैरियरों के लिए खतरे के रूप में देखा जाता है। रिपोर्ट के अनुसार, सीसीटीवी ने शनिवार को एक सैन्य समाचार कार्यक्रम में दो लाइव-फायर अभ्यासों का फुटेज दिखाया। इस फुटेज में सड़क के किनारे तैनात डोंगफेंग-17 मिसाइल लॉन्चर को दिखाया गया, जिससे मिसाइल को लॉन्च किया गया। इस वीडियो के दूसरे पार्ट में गोबी रेगिस्तान में चीनी रॉकेट फोर्स की लाइव फायर एक्सरसाइज को भी दिखाया गया।
ताइवान और अमेरिका को संदेश दे रहा चीन?
माना जा रहा है कि DF-17 मिसाइल का लॉन्च वीडियो अमेरिका के लिए चेतावनी है। हाल के वक्त में चीन और ताइवान के बीच तनाव चरम पर है, जिसमें अमेरिका भी एक पक्ष के रूप में शामिल है। हालांकि, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि उनका देश ताइवान में अमेरिकी सेना नहीं भेजेगा। इसके बावजूद उन्होंने ताइवान को हर संभव सैन्य मदद का भरोसा दिलाया है। अमेरिका ने ताइवान को बड़े पैमाने पर हथियार बेचे हैं। चीन ने इस पर कड़ी नाराजगी जताते हुए कई अमेरिकी हथियार निर्माता कंपनियों को प्रतिबंधित भी किया है।










































