-पिता पुत्र ने दी जान से मारने की धमकी
बालाघाट
बिरसा थाना क्षेत्र के ग्राम चांदनी चौक मंडई में जमीन विवाद को लेकर पिता-पुत्र ने पड़ोसी शिक्षक के मकान में तोड़फोड़ कर दी और जान से मारने की धमकी दी। बिरसा पुलिस ने पिता पुत्र के खिलाफ मामला कायम कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार चांदनी चौक मंडई निवासी उमेंद्र कुमार पटले प्राथमिक शाला कांटाबहरा जंगला में शिक्षक के पद पर पदस्थ हैं। उनका अपने पड़ोसी ताजीराम पटले से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। उमेंद्र कुमार का आंगन ताजीराम के आंगन से लगा हुआ है और दोनों के बीच एक दीवार है। 25 जून को सुबह करीब 6:30 बजे शिक्षक उमेंद्र कुमार अपने घर के पीछे आंगन में थे। तभी पड़ोसी ताजीराम और उसका बेटा नवीन अपने आंगन से जोर-जोर से चिल्लाने लगे कि तुमने हमारी जमीन में मकान बनाया है और जो सीट लगाई है वह हमारी जमीन पर है। इसके बाद दोनों पिता पुत्र ने डंडे से मकान की सीट तोड़ फोड़ दी। आरोप है कि पिता-पुत्र ने उमेंद्र कुमार और उनकी पत्नी पवन रेखा को अश्लील गालियां दीं और जान से खत्म करने की धमकी भी दी। शोर सुनकर मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किये घटना के बाद शिक्षक उमेंद्र कुमार पत्नी के साथ बिरसा थाना पहुंचे और रिपोर्ट दर्ज कराई। बिरसा पुलिस ने ताजीराम पिता बेनीराम पटले और उसके बेटे नवीन पिता ताजीराम पटले के खिलाफ अश्लील गाली गलौज व जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज किया है। तोड़फोड़ में शिक्षक को करीब 640 रुपए का नुकसान हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।









































