नई दिल्ली: सुप्रीम कोर्ट में हंगामा काटने, पेपर उछालने और यहां तक कि भारत के चीफ जस्टिस (सीजेआई) को भद्दी गालियां देने वाले शख्स को दिल्ली की एक निचली अदालत से जमानत मिल गई है। सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई के दौरान सिक्योरिटी गार्ड के साथ मारपीट और अदालत की कार्यवाही बाधित करने के आरोपों में दो लॉ स्टूडेंट को गिरफ्तार किया गया था, जिसमें सीजेआई को अपशब्द बोलने वाला वह व्यक्ति भी शामिल है।
दोनों आरोपियों को बेल देते हुए निचली अदालत ने इस बात पर जोर दिया कि सुप्रीम कोर्ट जैसी बड़ी संस्था की गरिमा किसी एक परेशान और बिना वकील वाले याचिकाकर्ता के बेलगाम बर्ताव से कमतर नहीं हो सकती, इसलिए निचली अदालतों को भी संस्थागत संयम का पालन करना चाहिए।










































