वाशिंगटन: होर्मुज स्ट्रेट में ईरानी नाकेबंदी के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को कड़ी चेतावनी दी है। फॉक्स न्यूज को दिए इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा कि अगर होर्मुज स्ट्रेट बहुत जल्द नहीं खोला गया तो ईरान के ऊपर बहुत बड़ी कार्रवाई होगी। ट्रंप ने कहा, ‘हम ईरान से बहुत अच्छी बातचीत कर रहे हैं।’ इस बीच ईरान ने ट्रंप के बातचीत के दावे को सिरे से खारिज कर दिया। ओवल ऑफिस में ट्रंप ने कहा था कि वे ईरान को आखिरी मौका दे रहे हैं। होर्मुज को खोलने की बात हो रही है।
ट्रंप ने कहा, ‘वे जल्दी फैसला लेंगे, चाहे जिस तरह से हो। यह कोई बहुत जटिल बात नहीं है। हम होर्मुज स्ट्रेट को खोलने की बात कर रहे हैं।’ लेकिन ईरान ने साफ कहा है कि अमेरिका से कोई बातचीत नहीं चल रही। तेहरान में प्रेस ब्रीफिंग के दौरान ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बकाई ने कहा, फिलहाल हम अमेरिका के साथ कोई वार्ता नहीं कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि विदेश मंत्री अब्बास अराघची इराक की यात्रा पर हैं। बाकी सभी वार्ताकार ईरान में ही हैं।










































