सरकारी राशन की कालाबाजारी पर प्रशासन की कार्यवाही

0

रामपायली में किराना दुकान पर छापा करीब २५ क्विंटल सरकारी चावल ज़ब्त

पद्मेश न्यूज। वारासिवनी। वारासिवनी जनपद पंचायत अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत रामपायली में १४ अगस्त को प्रशासन ने गरीबों के हक का अनाज हड़पने वालों के खिलाफ एक बड़ी और सख्त कार्यवाही की है। खाद्य विभाग और कृषि उपज मंडी वारासिवनी की संयुक्त टीम ने रामपायली स्थित सेवा सहकारी समिति के पास संचालित मनोज डडाहटे की किराना दुकान पर अचानक छापामार कार्यवाही कर भारी मात्रा में सरकारी राशन का चावल बरामद किया है। खाद्य विभाग और मंडी समिति की टीम के द्वारा संबंधित दुकान संचालक मनोज डडाहटे के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक प्रकरण तैयार करने की कार्यवाही की जा रही है।

लंबे समय से चल रहा था खेल कलेक्टर से हुई थी शिकायत

प्राप्त जानकारी के अनुसार शासन की जन.कल्याणकारी योजनाओं के तहत गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन करने वाले हितग्राहियों को उचित मूल्य दुकान समिति से कम दरों पर राशन वितरित किया जाता है। हालांकि क्षेत्र में लंबे समय से यह गोरखधंधा चल रहा था कि कुछ हितग्राही राशन प्राप्त करने के बाद उसे गांव के ही कुछ बिचौलियों व दुकानों पर ले जाकर खुले बाजार में बेच देते थे।
इस अवैध खरीद.फ रोख्त की शिकायत ग्राम के ही किसी नागरिक के द्वारा सीधे जिला कलेक्टर से की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर ने तत्काल संज्ञान लिया और खाद्य विभाग व मंडी प्रशासन की एक संयुक्त जांच टीम गठित कर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

मौके से २४ क्विंटल ९५ किलो चावल ज़ब्त

जिला प्रशासन के निर्देश पर शुक्रवार की दोपहर खाद्य अधिकारी निहारिका अवस्थी, कृषि उपज मंडी के सहायक ग्रेड.२ विक्रान्त देशमुख एवं सहायक ग्रेड.३ भूषण लांजेवार की संयुक्त टीम ने रामपायली में मनोज डडाहटे के निवास पर संचालित किराना दुकान पर दबिश दी। अचानक हुई इस छापामार कार्यवाही से मौके पर हडक़ंप मच गया। दुकान व परिसर की गहन तलाशी लेने पर वहां गरीबों को मिलने वाले सरकारी चावल की एक बड़ी खेप बरामद की गई। प्रशासनिक टीम ने मौके पर ही विधिवत पंचनामा तैयार कर कुल २४ क्विंटल ९५ किलोग्राम सरकारी चावल ज़ब्त किया। ज़ब्त किए गए राशन को सुरक्षित रखने के लिए एक पिकअप वाहन के माध्यम से वारा स्थित वेयरहाउस भिजवा दिया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here