सोलर पैनल लगवाने के बाद उसका ज्यादा से ज्यादा फायदा उठाने के लिए उसका सही रखरखाव बेहद जरूरी है। इसके लिए आप उन्हें गंदगी और छाव से बचाने के साथ-साथ बैटरी बैकअप में इनवेस्ट कर सकते हैं और भारी अप्लायंस दिन में चलाने जैसी स्मार्ट आदतें भी अपना सकते हैं।बड़ी संख्या में लोग अब सोलर को अपनाने लगे हैं। सरकारी आंकड़े के मुताबिक पीएम सूर्य घर योजना के तहत करीब 50 लाख परिवारों ने रूफटॉप सोलर सिस्टम को अपनाया है। हालांकि लोग यह तो जानते हैं कि सोलर सिस्टम कई सालों तक मुफ्त बिजली दे सकता है लेकिन कम ही जानते हैं कि सोलर सिस्टम की क्षमता को बरकरार रखने के लिए उसकी सही मेंटेनेंस भी जरूरी है। दरअसल धूल-मिट्टी, छाया और बिजली इस्तेमाल करने का गलत समय अक्सर आपके सोलर सिस्टम की क्षमता को कम कर देता है।
ऐसे में समझना जरूरी है कि किस तरह से आप अपने सोलर सिस्टम से ज्यादा से ज्यादा बिजली बना सकते हैं। इसके लिए अपने पैनल्स को छाया से बचा सकते हैं, स्मार्ट बैटरी बैकअप में निवेश कर सकते हैं और दिन के समय में भारी अप्लायंस चला सकते हैं।सोलर पैनल सूरज की रौशनी में तो बिजली बनाते हैं लेकिन धूल, गंदगी या पक्षियों की गंदगी उन पर जम जाए, तो बिजली बनाने की उनकी क्षमता काफी गिर जाती है।
ऐसे में सोलर पैनल्स की सफाई साल में कम से कम दो बार जरूर करनी चाहिए। इसके अलावा, पैनलों पर किसी पेड़ की डाल या आसपास की छाया नहीं पड़नी चाहिए।
ध्यान रखें कि अगर एक भी पैनल पर छाया पड़ती है, तो पूरे सिस्टम की बिजली उत्पादन क्षमता कम हो जाती है।
ऐसे में सुनिश्चित करें कि पैनल पेड़ों या किसी इमारत आदि की छाया से दूर रखें।












































