वन्यप्राणियों को जहर देकर शिकार का प्रयास, एक आरोपी गिरफ्तार

0

बालाघाट। कान्हा टाइगर रिजर्व के सुपखार बीट के कक्ष क्रमांक 282 में वन्यप्राणी के शिकार के लिए जहरखुरानी का प्रयास करने के आरोप में वन विभाग की टीम ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई शनिवार को क्षेत्र संचालक एवं उपसंचालक, कान्हा टाइगर रिजर्व मंडला के मार्गदर्शन में मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर की गई।

वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार 15 अगस्त को सूचना मिली कि सुपखार बीट क्षेत्र में एक व्यक्ति वन्यप्राणी के शिकार के उद्देश्य से संदिग्ध गतिविधि कर रहा है। सूचना मिलते ही वन अमले ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया। गिरफ्तार आरोपी तीरथ सिंह पिता किशन सिंह तेकाम 42 वर्ष ग्राम इंद्री थाना मोतीनाला, तहसील बिछिया निवासी बताया गया है। आरोपी के कब्जे से सल्फास का एक पैकेट, मिट्टी में लिपटी सल्फास की दो गोलियां तथा एक कुल्हाड़ी बरामद कर जप्त की गई है।वन विभाग ने आरोपी के विरुद्ध वन अपराध प्रकरण क्रमांक 21505/14/15 अगस्त 2026 दर्ज कर उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया है। घटना के बाद सुपखार बीट क्षेत्र में गश्त और निगरानी बढ़ा दी गई है। ताकि वन्यजीवों के शिकार तथा इस प्रकार की अवैध गतिविधियों पर प्रभावी रूप से अंकुश लगाया जा सके।वन विभाग की इस कार्रवाई से वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर विभाग की सतर्कता और प्रतिबद्धता सामने आई है। विभाग द्वारा वन क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here